पुल निर्माण में हो रही देरी पर जवाब मांगा
पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने सिटी स्टेशन के पास पुल संख्या 1032 के निर्माण में हो रही देरी पर नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने अफसरों से जवाब तलब कर कहा कि यह तो काफी पहले ही पूरा हो जाना था। अफसरों ने उत्तर रेलवे को जिम्मेदार बताकर बचाव की कोशिश की। जीएम बुधवार को भोजीपुरा-पीलीभीत के बीच चल रहे आमान परिवर्तन कार्य के निरीक्षण को आए थे। उन्होंने कहा कि कारण जो भी इसे हर हाल में निर्धारित समय में पूरा करा लिया जाए। उन्होंनेे देवहा नदी पर नवनिर्मित पुल और नौगवां समपार पर निर्माणाधीन सड़क ओवरब्रिज का भी निरीक्षण भी किया। इस दौरान गोरखपुर मुख्यालय से आए मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण पीडी शर्मा, इंजीनियर निर्माण रामजनम, मुख्य संरक्षा अधिकारी एनके अम्बिकेश और इज्जतनगर मंडल के प्रबंधक निखिल पांडेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर समन्वय वीके गुप्ता, उपमुख्य इंजीनियर निर्माण राजीव अग्रवाल समेत निर्माण संगठन के कई अधिकारी मौजूद रहे।
सितंबर में चलेंगी गाड़ियां
महाप्रबंधक राजीव मिश्र ने बताया कि भोजीपुरा-पीलीभीत के मध्य बड़ी लाइन गाड़ियों का संचालन सितंबर में रेल संरक्षा आयुक्त के निरीक्षण के बाद शुरू हो जाएगा। पीलीभीत-टनकपुर के बीच भी बड़ी लाइन यातायात का काम अगले साल मार्च में पूरा कर लेंगे। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि दोनों रूट पर आमान परिवर्तन का काम तेजी से चल रहा है।