फतेहगंज पश्चिमी। कस्बे के चर्चित मामले में तीन दिन से चल रही पंचायत रविवार को नतीजे पर पहुंच गई। स्मैक तस्करी के आरोपी की पत्नी को उसकी पड़ोसन ने चोरी किए जेवर लौटा दिए। मामले में एक्स पर किए गए पोस्ट पर थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई से परहेज करती रही।
कस्बा निवासी स्मैक तस्करी के आरोपी व उसकी पत्नी कार्रवाई के डर से बरेली में रहने लगे हैं। उनके कस्बा स्थित घर की चाबी पड़ोसी के पास थी। बताते हैं कि पड़ोसी महिलाएं मौका देखकर अक्सर घर से जेवर चोरी कर रही थीं। शक होने पर तस्करी के आरोपी की पत्नी ने चुपचाप सीसी कैमरे लगवा दिए। इसके बाद चोरी करती दो महिलाएं फुटेज में कैद हो गईं। इस मामले में तीन दिन से पंचायत हो रही थी।
रविवार को दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया। कुछ कम करके आरोपी महिलाओं ने नकदी और जेवर लौटा दिए। उधर, थाना प्रभारी अभिषेक सिंह ने बताया कि उन्हें या थाने में किसी तरह की तहरीर या शिकायत नहीं मिली है। संवाद