फरीदपुर। प्रेमिका से मिलने गए प्रेमी का मोहल्ले के लोगों ने विरोध किया तो नाराज प्रेमी ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर मोहल्ले के लोगों को पीट दिया। इस पर प्रेमिका के परिजनों ने यूपी 112 पुलिस को बुला लिया। आरोपी प्रेमी मौके से भाग गया।
वहीं, उसके दोस्त को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। लड़की के परिजनों द्वारा लिखित शिकायत न करने पर पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की शांति भंग में कार्रवाई की है।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी युवक का दूसरे मोहल्ले की लड़की से प्रेम संबंध है। तीन दिन पूर्व युवक अपनी प्रेमिका से रात में मिलने गया। मोहल्ले के लड़कों ने यह सब देख उसकी प्रेमिका के घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। युवक घर में अंदर फंस गया। वह घर वालों से बचते-बचाते छत से कूद कर बाहर निकला।
सोमवार को युवक अपने दोस्त के साथ प्रेमिका के मोहल्ले में घूमने गया। वहां पर शक के आधार पर उसके पड़ोसियों के साथ मारपीट करने लगा।
तभी लड़की के परिजनों ने यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस इमरान को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। पुलिस के अनुसार लड़की के परिजनों ने लिखित शिकायत दर्ज करने से मना कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी इमरान पर शांति भंग में कार्रवाई की है। संवाद