मीरगंज। थाना शाही क्षेत्र के गांव धनेली में खेत में पराली जलाते समय दो पड़ोसियों के गन्ने के खेत में आग लग गई, जिससे 15 बीघा गन्ने की फसल जलकर खाक हो गई। इसकी शिकायत जब पीड़ितों ने की तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दे डाली। अब मामले में शाही थाने में तहरीर दी गई है।
पीड़ित सुबोध शर्मा ने बताया कि उनका धनेली में गांव के एक व्यक्ति के खेत के बराबर में दस बीघा गन्ना खड़ा था। बुधवार दोपहर में उक्त व्यक्ति ने अपने खेत में पराली जलाई, जिससे उसके गन्ने की फसल में आग लग गई। उनका दस बीघा और बराबर में चन्द्रपाल सिंह का पांच बीघा गन्ना जलकर खाक हो गया। मामले में शिकायत की गई तो आरोपी झगड़ा करने पर आमादा हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। संवाद