बरेली में महिला को बदनाम करने वाले पड़ोसी के रिश्तेदार ने अब उसके बच्चों पर कार चढ़ाने का प्रयास किया है। किला थाने में महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने पति और परिवार को भी खतरा बताया है।
बरेली के किला क्षेत्र की महिला ने पड़ोसी के रिश्तेदार के खिलाफ रिपोर्ट कराई है कि उसने दरवाजे पर बैठे उसके बच्चों पर कार चढ़ाने की कोशिश की। महिला के मुताबिक पहले उक्त आरोपी ने उसकी अश्लील फोटो वायरल कर बदनाम करने की धमकी दी थी। आरोपी उससे 50 हजार रुपये भी वसूल चुका है।
विज्ञापन
पीड़िता ने बताया कि 2021 में पड़ोसी के रिश्तेदार प्रेमपाल ने नहाते समय उसके अश्लील फोटो खींच लिए थे। फोटो वायरल करने की धमकी देकर 50 हजार रुपये भी ले लिए। शनिवार को महिला के बच्चे दरवाजे पर बैठे थे तभी प्रेमपाल ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर उन पर कार चढ़ाने की कोशिश की। विरोध करने पर प्रेमपाल के साथी ने महिला के घर में घुसकर उसके साथ छेड़खानी की।
आरोपियों ने पुलिस से शिकायत करने पर महिला और उसके पति को अंजाम भुगतने की धमकी दी है। आरोप है कि प्रेमपाल फोटो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख रुपये मांग रहा है। पुलिस प्रेमपाल और उसके तीन अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।