बरेली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने डिजिटल दस्तावेज डाउनलोड करने, नियुक्ति और उच्च शिक्षण संस्थानों की ओर से सत्यापन के लिए डिजिलॉकर पर डाटा अपलोड कर दिया है। इसमें 10वीं और 12वीं की पिछले 21 वर्षों की मार्कशीट भी डाली गई है।
बोर्ड ने परीक्षा से पहले शैक्षिक प्रमाण पत्रों के सत्यापन से संबंधित नोटिस जारी किया है। 10वीं और 12वीं का पिछले 21 साल का रिजल्ट डिजिलॉकर पर अपलोड किया है। अब किसी उच्च शिक्षण संस्थान में प्रवेश या नौकरी के लिए दस्तावेजों के सत्यापन को भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। डिजिलॉकर पर वर्ष-2001 से वर्ष-2022 तक के परिणाम दस्तावेज सहित मिलेंगे। इसपर आधिकारिक डिजिटल हस्ताक्षर भी होंगे। दस्तावेजों को सत्यापित करने के लिए पीकेआई आधारित क्यूआर कोड लागू किए गए हैं।
क्या है डिजिलॉकर...
डिजिलॉकर एक तरह का वर्चुअल लॉकर होता है। इसमें पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी कार्ड आदि जरूरी दस्तावेजों को डिजिटल रूप में सुरक्षित कर सकते हैं। इसमें अकाउंट बनाने के लिए व्यक्ति के पास आधार कार्ड होना अनिवार्य है।
ऐसे बनाएं अकाउंट
- डिजिलॉकर की वेबसाइट पर जाएं।
- साइन इन पर जाकर पूछी गई सभी जानकारी भरें।
- अगले पेज में डाले गए नंबर पर आए कोड को भरें।
- अपना यूजर आईडी और पासवर्ड बनाएं।
- अब उस आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करें।
जनवरी के अंत तक जारी हो सकते हैं बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्र
बोर्ड परीक्षा 15 फरवरी से प्रस्तावित है। बोर्ड अपने स्तर से सभी विद्यार्थियों के दस्तावेजों का मिलान कर महीने के अंत तक प्रवेश पत्र जारी कर सकता है।