मीरगंज। गांव जाम में छज्जा निकालने के विवाद में पड़ोसी की हत्या करने के आरोपी अनोखे (30) को चुरई चौराहे से बृहस्पतिवार रात गिरफ्तार किया गया है। कोर्ट में पेश करने पर उसको जेल भेज दिया गया। जाम के कुंवरपाल ने हत्या के आरोप में छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इनमें से चार को पहले ही गिरफ्तार कर लिया गया था।
पुलिस के मुताबिक, गांव जाम निवासी कुंवरपाल ने 25 मई को तहरीर देकर छह लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए लक्ष्मण स्वरूप ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनकी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विवेचना के आधार पर रिपोर्ट में हत्या की धारा बढ़ाई गई थी। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। छह नामजद में से चार को गिरफ्तार कर लिया गया था।
मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार रात चुरई चौराहे से जाम निवासी अनोखे (30) को गिरफ्तार किया गया। उसने पूछताछ में बताया कि कुंवरपाल से छज्जा निकालने के संबंध में विवाद हुआ था। इस दौरान बचाव के लिए लकड़ी की फंटी उठाई थी, लेकिन लक्ष्मण स्वरूप पर प्रहार नहीं किया था।
वर्जन,
हत्या के मामले में वांछित आरोपी अनोखे को गिरफ्तार कर लिया गया है। चार आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। कोर्ट ने उनको जेल भेजा है। एक अन्य आरोपी महेंद्र की तलाश की जा रही है। उसको जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। - अजय कुमार, सीओ मीरगंज