बरेली। मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गणना प्रपत्रों की ऑनलाइन फीडिंग में लापरवाही पर कैंट विधानसभा क्षेत्र के सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) ने पांच सुपरवाइजर को नोटिस जारी किया है। सुधार नहीं होने पर फाइल कार्रवाई के लिए डीएम के पास भेजने की चेतावनी दी है।
एईआरओ ने सुपरवाइजर बनाए गए लेखपाल प्रकाश उपाध्याय, लेखपाल जय प्रकाश, सींच पर्यवेक्षक कमलेश कुमार सिंह, प्रधानाध्यापक जितेंद्र पाल सिंह, प्रधानाध्यापक धर्म अवतार केशव को नोटिस जारी की है। प्रपत्रों की फीडिंग में इनकी प्रगति क्रमश: 18.37, 17.60, 16.14, 18 व 16.41 फीसदी है। कहा है कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि सुपरवाइजर निर्वाचन कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं, न ही बीएलओ के कार्यों की जांच कर रहे हैं।
बीएलओ एप में भी दिक्कतें
फरीदपुर तहसीलदार प्रशांत अवस्थी ने बताया कि ज्यादातर मतदाता घर पर नहीं मिल रहे हैं। इसलिए भी बीएलओ को बार-बार उसके घर जाना पड़ रहा है। प्रपत्र भरने में मतदाता रुचि नहीं ले रहे हैं। कमजोर नेट कनेक्टिविटी भी इसमें बाधक बन रही है। साथ ही, बीएलओ एप की गति बहुत धीमी है। फार्म अपलोड करते-करते स्वत: लॉगआउट हो जाता है। कई बार फाॅर्म सबमिट करने के लिए चार-पांच बार कोशिश करनी पड़ती है। गणना प्रपत्र पर मतदाता का नया फोटो भी लगना है, पर ज्यादातर मतदाता फोटो न होने की बात कहकर बीएलओ को कल आना... कहकर टरका रहे हैं। गांवों में प्रधान, कोटेदार, आशा व अन्य कर्मियों का सहयोग लिया जा रहा है।
54 बीएलओ-सुपरवाइजरों की सराहना
डीएम ने शनिवार को सुपरवाइजरों और बीएलओ के साथ उनके क्षेत्र में एसआईआर अभियान की समीक्षा की। इसमें अच्छा कार्य करने वाले बीएलओ मूलचंद्र, राजकुमार, प्रेमपाल, संजीव कुमार, सतीश चंद्र, सुरवाइजर संतोष, अंशुलप्रिया, अमित, धीरज गंगवार सहित 54 कर्मचारियों की उन्होंने सराहना भी की। डीएम ने बताया कि डाटा डिजिटाइजेशन में इन कर्मियों की प्रगति बेहतर है। बीएलओ से कहा कि यदि कार्य में कोई समस्या आए तो अधिकारियों को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका निस्तारण हो सके। संवाद