ससुराल वाले शव लेकर गायब, मायके वालों को भी नहीं दी सूचना, पुलिस कर रही तलाश
आंवला। दो महीने पहले प्रेम विवाह करने वाली रहनुमा की बुधवार देर रात ससुराल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। इसके बाद ससुराल वाले उसका शव लेकर गायब हो गए। पुलिस मामले की जांच करके आरोपियों की तलाश कर रही है।
अलीगंज कस्बे की रहनुमा दो महीने पहले घर के सामने रहने वाले सोनू के साथ चली गई थी। इसके बाद दोनों के परिवार वालों ने आपसी रजामंदी से उनका निकाह करा दिया। तब से वह ससुराल में ही रह रही थी। बुधवार देर शाम ससुराल में रहनुमा की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मगर ससुराल वालों ने घर सामने होने के बावजूद मायके वालों को सूचना नहीं दी और उसे बीमार बताकर इलाज के बहाने शव लेकर गायब हो गए। देर रात किसी तरह रहनुमा के परिवार वालों को जानकारी हुई कि जहर से रहनुमा की मौत हुई है। तब उन लोगों ने खोजबीन शुरू की, मगर ससुराल वाले रात एक बजे तक शव लेकर गांव नहीं पहुंचे। इसके बाद मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस रहनुमा के ससुराल वालों की तलाश कर रही है।