बरेली हवाई अड्डे के रनवे पर तेज हवा के कारण दो बार प्रयास के बाद भी नवी मुंबई से बरेली आई फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी। विमान में 171 यात्री सवार थे। सुरक्षित लैंडिंग में अड़चन को देखते हुए एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (एटीसी) ने विमान को बरेली से दिल्ली डायवर्ट कर दिया। इसके बाद दिल्ली से उड़ान भरने के बाद विमान शाम 6:47 बजे बरेली पहुंच सका। बाद में शाम 7:15 बजे 140 यात्रियों को लेकर वापस नवी मुंबई के लिए उड़ान भरी। इससे 311 यात्री परेशान हुए।
नवी मुंबई से बरेली आने वाला विमान अपराह्न 3:35 बजे लैंड करने के बाद शाम 6:05 बजे वापस उड़ान भरता है। सोमवार को विमान हवाई अड्डे के आसमान में समय पर पहुंचा, लेकिन रनवे पर तेज हवा के कारण लैंड नहीं हो सका। एटीसी के निर्देश पायलट दल ने दो बार कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। हवाई अड्डा निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि जब हवा रनवे के समानांतर न बहकर तेजी के साथ साइड से से आती है तो वह विमान को रनवे से बाहर धकेलने की कोशिश करती है।
लैंडिंग के समय विमान की गति कम होती है। ऐसे में तेज और अस्थिर हवा पायलट के लिए विमान के संतुलन और रनवे के सेंटरलाइन पर सीध बनाए रखना बेहद कठिन बना देती है। सोमवार अपराह्न भी हवाई अड्डा के इलाके में हवा की यही स्थिति थी। इस कारण एटीसी ने उड़ान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया।