बरेली। सेटेलाइट बस अड्डे पर ठेकेदार के भाई की गोली मारकर हत्या के आरोपी कुली नौबत यादव को पुलिस ने पैर में गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक तमंचा बरामदगी के दौरान नौबत ने पुलिस पर फायर कर दिया तो जवाबी कार्रवाई की गई। उपचार कराने के बाद नौबत को जेल भेज दिया गया। उसके कुछ साथियों को पुलिस ने घटना में मददगार माना है। एक कुली कामदेव को हिरासत में ले लिया है।
सोमवार शाम सेटेलाइट बस अड्डे पर कुली नौबत यादव ने पार्सल घर के बाहर ठेकेदार के भाई प्रतापगढ़ जिला निवासी अनुज पांडेय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं, ठेकेदार अतुल पांडेय को पार्सल घर में घुसकर गोली मार दी थी। गोली अतुल के कूल्हे में लगी थी। इसके बाद भाग रहे आरोपी को सेटेलाइट चौकी के पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया था। तब से पुलिस नौबत से पूछताछ कर रही थी।
एसपी सिटी मानुष पारीक के मुताबिक, नौबत ने बताया कि उसने भागते वक्त तमंचा भरतौल रोड पर हरूनगला में खाली गोदाम के पास छिपा दिया था। बुधवार रात पुलिस तमंचा बरामद करवाने के लिए नौबत को वहां ले गई थी। तमंचा खोजने के दौरान नौबत ने पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली नौबत के पैर में लग गई। ब्यूरो
बिथरी थाना क्षेत्र के गांव मेहतरपुर करोड़ निवासी नौबत यादव के खिलाफ बारादरी थाना प्रभारी की ओर से मुठभेड़ की नई रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इलाज के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। उसके एक और साथी कुली कामदेव को हिरासत में लिया गया है। उससे भी घटनाक्रम को लेकर पूछताछ की जा रही है। - मानुष पारीक, एसपी सिटी