बरेली में अमर उजाला के अभिनव अभियान 'मां तुझे प्रणाम' की शृंखला में स्वतंत्रता दिवस पर शुक्रवार सुबह ठीक 10 बजे शहर राष्ट्रगान 'जन गण मन' से गुंजायमान होगा। शहरवासियों से अपील है कि सायरन की आवाज सुनते ही जहां रहें, वहीं ठहरकर राष्ट्रगान के प्रति सम्मान प्रकट करें।
सामूहिक राष्ट्रगान का मुख्य कार्यक्रम गांधी उद्यान में होगा। जहां हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई चारों धर्मगुरु संयुक्त रूप से राष्ट्रध्वज फहराकर देश की एकता, अखंडता, सौहार्द और देशभक्ति का संदेश देंगे। इसी समय शहर के सभी चौराहों पर नगर निगम पब्लिक एड्रेस सिस्टम पर सायरन बजेगा, जिसे सुनें तो वहीं 52 सेकंड के लिए ठहर जाएं। राष्ट्रगान का सम्मान कर देशप्रेम का संदेश दें। उद्यमी, व्यापारी, शैक्षिक, समाजसेवी, कर्मचारी, महिला विंग, इनरव्हील, रोटरी क्लब के पदाधिकारी अलग-अलग चौराहा पर मौजूद रहकर एकजुटता का संदेश देंगे।
सुबह 10 बजे इन चौराहों पर बजेगा सायरन
नगर निगम, सिटी सब्जी मंडी मोड़, कलक्ट्रेट चौराहा, कुतुबखाना चौक, सौ फुटा रोड, डेलापीर तिराहा, सलेक्शन प्वॉइंट चौराहा, शील चौराहा, ईंट पजाया चौराहा, अलखनाथ मंदिर, नगर निगम, श्यामगंज चौराहा, धर्मकांटा, गणेश नगर, किला क्रॉसिंग, कारगिल/वीरांगना चौक, कोर्ट गेट, सेटेलाइट बस स्टैंड, कोहाड़ापीर तिराहा, बिहारीपुर पुलिस चौकी, पुराना बस अड्डा, गांधी उद्यान, बरेली कॉलेज गेट, मलूकपुर चौकी।