बरेली। नाथ कॉरिडोर में 12 ज्योर्तिलिंग, शिव-पार्वती, गणेश और कार्तिकेय के स्वरूपों के दर्शन होंगे। योजना को धरातल पर उताराने के लिए बृहस्पतिवार को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल के साथ अधिकारियों ने मंथन किया। सात सेक्टरों में बांटकर कॉरिडोर के प्रत्येक सेक्टर को शिवमय किया जाएगा।
बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन दिया। बताया कि अब सेक्टरवार काम होना है। सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारी निभाएंगे। सेक्टर वार कार्यों की समीक्षा होगी। अधिकारी मार्ग का निरीक्षण कर परियोजना को अंतिम रूप देंगे। सुभाषनगर स्थित तपेश्वरनाथ मंदिर को छोड़कर अन्य सभी नाथ मंदिरों के मार्गों का निर्माण हो चुका है। अब 70 करोड़ की लागत से मंदिरों के परिसर संवारे जाएंगे। बैठक में डीएम रविंद्र कुमार, क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी बृजपाल सिंह मौजूद रहे।
बीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि कॉरिडोर के मार्गों, चौराहों, तिराहों को संवारने के लिए बैंकों, उद्यमियों, बड़े व्यापारियों, होटल मालिकों का सहयोग लिया जाएगा। पार्क देखरेख लिए उन्हें सौंपे जा सकते हैं। अतिक्रमण हटवाने के लिए नगर निगम, पुलिस और प्रशासन का सहयोग लिया जाएगा। यूटिलिटी शिफ्टिंग पर अमल होगा। नगर निगम मार्गों की सफाई की कार्ययोजना बनाएगा। मार्गों को जगमग करने के लिए भी जन सहभागिता सुनिश्ति की जाएगी। 26-27 फरवरी को फ्लावर शो होगा। अमर उजाला ब्यूरो