बरेली। आंवला के गांव महमूदपुर निवासी नरगिस ने प्रेमी आकाश कश्यप से शादी करने के लिए सनातन धर्म अपना लिया। उन्होंने अपना नाम इच्छा देवी रख लिया है। अगस्त्य मुनि आश्रम में आचार्य केके शंखधार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उनका शुद्धिकरण कराया। इसके बाद गांव के ही निवासी आकाश कश्यप के साथ उनका विवाह कराया।
युवती का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया है। इस फैसले के लिए उस पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया गया। नरगिस ने बताया कि वह इंटरमीडिएट तक पढ़ी हैं, जबकि आकाश ने हाईस्कूल तक शिक्षा प्राप्त की है।
इंस्टाग्राम के जरिये परवान चढ़ा प्यार
नरगिस उर्फ इच्छा देवी ने बताया कि डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के जरिये उनकी पहचान गांव के आकाश कश्यप से हुई थी। उन्हीं ने आकाश को पहला मेसेज भेजा। ये सिलसिला आगे बढ़ गया और दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। उन्होंने आकाश के सामने शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने मान लिया। कुछ दिन पहले ही दोनों दिल्ली चले गए थे। नरगिस के परिवार ने शिकायतें की तो आकाश के परिवार ने उसे उसके घर भेज दिया। अब वह दोनों फिर घर से निकले हैं।