बरेली। अल्हागंज (शाहजहांपुर) के मोहल्ला ब्रह्मनान में रहने वाले कपड़ा व्यापारी मुकेश गुप्ता के 22 वर्षीय बेटे वरुण का नग्न शव शहर के होटल देवभूमि के कमरे में मिला। वह चार दिन पहले दोस्तों के साथ नैनीताल जाने की बात कहकर घर से निकला था। पुलि ने कमरे से शराब के दो खाली पौव्वे और सल्फास का एक पाउच बरामद किया है।
होटल मैनेजर भरत सिंह के मुताबिक वरुण मंगलवार सुबह 7.22 बजे होटल में पहुंचा था और पहली मंजिल पर कमरा नंबर 104 में ठहरा था। बुधवार सुबह नौ बजे उन्होंने वरुण को बाहर से होटल में आते देखा था। दोपहर 12 बजे चेक आउट का समय था, लेकिन दो बजे तक बाहर न आने पर स्टाफ ने कमरे में फोन किया जो रिसीव नहीं हुआ। मोबाइल भी स्विच ऑफ मिला। इसके बाद कमरे का दरवाजा खटखटाया तो भी जवाब नहीं मिला।
शाम छह बजे तक इंतजार करने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इंस्पेक्टर बारादरी नीरज मलिक होटल पहुंचकर दरवाजा तुड़वाया तो बेड पर वरुण का नग्न शव पड़ा था। पुलिस ने वरुण के घर सूचना दी तो रुहेलखंड चौकी के पास रहने वाले उसके फूफा जयप्रकाश और उन्हीं के यहां ठहरा वरुण का छोटा भाई आकाश मौके पर पहुंचे। पुलिस को कमरे की तलाशी में शराब के दो खाली पौव्वे और सल्फास का पाउच मिला। फोरेंसिक टीम की जांच में वरुण का शव पूरी तरह अकड़ा पाया गया। आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत सुबह नौ बजे होटल आने के कुछ समय बाद ही हो गई थी।
मां के खाते से निकाले थे 15 हजार
परिवार वालों ने बताया कि वरुण ने पिछले साल 12वीं की परीक्षा पास की थी। चार दिन पहले उन्होंने मां शशि का एटीएम ले जाकर चुपके से 15 हजार रुपये निकाल लिए थे। देर शाम तक घर न लौटने पर मां ने फोन करके पूछा तो उसने बताया कि दोस्तों के साथ वह नैनीताल जा रहा है। इसके बाद परिवार का वरुण से कोई संपर्क नहीं हुआ।