घरों को होने वाली पेयजल सप्लाई के पानी में कीड़े निकल रहे हैं। हफ्ते भर पहले जलकल विभाग में पाइप लाइन लीक होने की शिकायत की गई । लेकिन कोई मौके पर देखने नहीं पहुंचा। सिकलापुर में बिजली फर्म ने अंडर ग्राउंड केबिल डालने के लिए सड़क पर गड्ढे खोद कर डाल दिए। इससे पाइप लाइन ध्वस्त होने से पिछले हफ्ते से पुराना रोडवेज के आस-पास की कालोनियों में पीने का पानी नहीं पहुंच रहा। कई दिनों से पानी न मिलने से खफा महिलाओं ने नगर निगम पहुंचकर हंगामा किया।
कालीबाड़ी की महिलाओं ने नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव को बताया कि कालीबाड़ी में पीने के पानी में कीड़े निकल रहे हैं। कंचन, छोटी रानी, मीनू, हेमवती, गंगा, भूरी, कमला, राजा, अमित कुमार आदि का कहना था कि बरेली कालेज के सामने वाली गली में हाल ही में सीवर लाइन पड़ी थी। वह लीक हो गई। इससे पिछले एक हफ्ते से नालियों का गंदा पानी आ रहा है। जलकल में कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई। नगर आयुक्त ने महाप्रबंधक जलकल एमएल मौर्य को तुरंत मौके पर जाकर समस्या समाधान करने के निर्देश दिए । उधर, बिजली की अंडर ग्राउंड लाइन डालने का काम कर रही कंपनी केईआई ने सिकलापुर में सड़क के किनारे गड्ढे खोदने से पानी की पाइप लाइन ध्वस्त हो गई। इससे पुराना रोडवेज के आस-पास कालोनियों में पीने का पानी एक हफ्ते से नहीं पहुंच रहा । जलकल एई प्रेमचंद्र आर्या ने बताया कि समस्या का समाधान कराया जा रहा है।