सरकारी तंत्र की लेटलतीफी से 14 ब्लाकों के हजारों ग्रामीणों को इस गर्मी पीने के पानी के लिए इंतजार करना होगा। इन ब्लाकों के गांवों में खराब पड़े हैंडपंप इस गर्मी में सही होते नहीं दिख रहे हैं। जल निगम षष्ठम ने 14 ब्लाकों में 675 हैंडपंप रिबोर कराने के लिए टेंडर मांगे हैं। 95 लाख की लागत से रिबोर होने वाले हैंडपंप को सही करने के लिए तीन महीने का समय दिया गया है। यानी जब भीषण गरमी का समय बीत चुका होगा जल निगम ग्रामीण क्षेत्र में पीने के पानी दे पाएगा।
जल निगम जिला योजना के कामों के तहत हर साल हर ब्लाक में 50-50 हैंडपंप की रिबोरिंग कराता है। हालांकि नियमानुसार यह काम गर्मी के पहले हो जाना चाहिए लेकिन सरकारी सिस्टम की लापरवाही के चलते मई बीतने के बाद तो टेंडर खोले जा रहे हैं। अल्पकालीन निविदा के रूप में जारी किए टेंडर पांच जून को डीएम कार्यालय में खोले जाएंगे। इस काम को खत्म करने की समय सीमा तीन महीने रखी गई है। टेंडर के अनुसार नवाबगंज, भदपुरा, बहेड़ी, भुता, फरीदपुर, बिथरी चैनपुर, मझगवां, रामनगर, आलमपुर जाफराबाद, क्यारा, भोजीपुरा, फतेहगंज पश्चिमी, मीरगंज में 50-50 और दमखोदा/शेरगढ़ में 25 हैंडपंप रिबोर किए जाएंगे। यानी इन ब्लाकों में पानी संकट से जूझ रहे लोगों को इस गर्मी भी पानी संकट से जूझना होगा। हैंडपंप की रिबोरिंग में देरी के मसले पर प्रभारी एक्सईएन जलनिगम पातीराम से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।