एकता नगर में पानी की पाइप लाइन तीन दिन से टूटी हुई थी जिससे सड़क पर जलभराव हो गया। आस-पास के लोगों ने जलकल विभाग के इंजीनियरों को मोबाइल पर सूचना दी लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। हालांकि मंगलवार की देर शाम पानी की सप्लाई बंद कर दी गई।
बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) से डेलापीर से धर्मकांटा तक सड़क के चौड़ीकरण का काम कराया जा रहा है। सड़क खोदने से नगर निगम की पेयजल पाइप लाइन आठ से 10 स्थानों पर कट गई। नलकूप से पानी की सप्लाई बंद न होने से पानी सड़क पर बहने लगा। तीन दिन में हजारों लीटर पानी बर्बाद हो गया। मुख्य मार्ग से लेकर एकता नगर की गलियां कमोबेश तालाब बन गईं। स्थानीय निवासी आरके दयाल ने बताया कि इंजीनियरों समेत नगर निगम के कंट्रोल रूम को भी सूचना दी गई लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया तो मेयर डॉ. आईएस तोमर को पाइपलाइन टूटने की जानकारी दी गई। उसके बाद देर शाम नलकूप से पेयजल सप्लाई बंद हुई।
‘मैं बाहर हूं। मुझे पाइप लाइन टूटने की जानकारी नहीं थी। अवर अभियंता को मौके पर भेजकर पता लगवाता हूं कि पाइप लाइन कहां और कैसे टूटी।’
- एमएल मौर्य, महाप्रबंधक जलकल