नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को पीलीभीत बाईपास रोड पर सेटेलाइट से बीसलपुर चौराहे तक अतिक्रमण हटाया। अस्पताल समेत आधा दर्जन दुकानदारों से अवैध यूनीपोल और होर्डिंग लगाने पर 16.5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
सतीपुर चौराहे के निकट कृष्णानगर कॉलोनी का बोर्ड उखाड़ने पर कॉलोनी के लोगों ने विरोध किया। नगर निगम की टीम जब नहीं मानी तो अतिक्रमणकारी भिड़ गए और नौबत मारपीट तक पहुंच गई। सूचना के बाद बारादरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत कराया। अपराह्न नगर निगम की 13 सदस्यीय टीम जेसीबी, दो ट्रैक्टर-ट्रॉली और छोटा हाथी लेकर पीलीभीत रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची। सेटेलाइट से बीसलपुर चौराहा तक सड़क किनारे अवैध रूप से लगे यूनीपोल और बोर्ड हटाए गए। सतीपुर चौराहे से आगे कृष्णानगर कॉलोनी का बोर्ड हटाने पर मौलाना आजाद इंटर कॉलेज के प्रवक्ता दुर्गेश गुप्ता समेत तमाम लोगों ने विरोध किया। लोगों का कहना था कि चंदे से लगवाया गया सार्वजनिक बोर्ड न उखाड़ा जाए। विवाद इतना बढ़ा कि नौबत मारपीट तक पहुंच गई। अतिक्रमण हटाओ प्रभारी राम सिंह जाटव ने सूचना नगर आयुक्त शीलधर सिंह यादव को दी। इसके बाद इंस्पेक्टर बारादरी ने तीन दरोगा और कांस्टेबल समेत चीता मोबाइल मौके पर भेज दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर विवाद शांत कराया। अवैध यूनीपोल और बोर्ड लगाने में चंद्रलोक हास्पिटल के डॉ. हिमांशु अग्रवाल से 12 हजार, पवन कुमार रस्तोगी, शक्तिवास, अंकुर अग्रवाल, मुजम्मिल रजा खां और विकास खंडेलवाल को मिलाकर संयुक्त रूप से साढ़े चार हजार का जुर्माना वसूला गया।