वार्ड दिवस के बाद नगर निगम अब अपनी सीमा में आने वाले गांवों में रात्रि चौपाल की तैयारी कर रहा है। इसमें मेयर उमेश गौतम और नगर आयुक्त राजेश श्रीवास्तव समेत निगम के तमाम अफसर गांवों में विश्राम कर लोगों की समस्याएं सुनेंगे।
नगर निगम सीमा में शामिल गांव अब तक विकास कार्यों से पिछड़े हुए हैं। कहने के लिए तो यह निगम के गांव हैं लेकिन हालात अब भी पहले जैसे ही हैं। न तो यहां सड़कें, नालियां बनी हैं और न ही सफाई, स्ट्रीट लाइट आदि की व्यवस्था ही दुरुस्त है। इसको ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने अब इन गांवों में प्राथमिकता से विकास कराने की योजना बनाई है। इसलिए वहां रात्रि चौपाल लगाई जाएगी। रात को गांव में रुककर निगम के अधिकारी गांव वालों की समस्याएं सुनेंगे और सुबह गांव में भ्रमण कर विकास का खाका खींचा जाएगा। सरकार की योजनाओं का लाभ भी इन गांवों को दिलाने के प्रयास होंगे। मेयर का दावा है कि प्रदेश में बरेली पहला शहर होगा, जहां नगर निगम अपनी सीमा के गांवों में चौपाल लगाएगा।