अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर दो यूनीपोल हटाए
बरेली। नगर निगम के अतिक्रमण विरोधी दस्ते ने गुरुवार को अतिक्रमण अभियान चलाने के साथ ही पॉलिथीन विरोधी अभियान भी चलाया। इस दौरान बदायूं रोड पर करीब एक दर्जन दुकानों से अवैध रूप से इस्तेमाल की जा रही पॉलिथीन पकड़ी गई। उन पर निगम के अधिकारियों ने जुर्माना भी लगाया। पीलीभीत बाईपास से रामपुर रोड के बीच दो यूनीपोल भी हटाए गए। निगम के अधिकारियों के साथ इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। दोनों यूनीपोल और उनके मलबे को जब्त कर लिया गया।
पिछले दिनों अतिक्रमण को लेकर तीस दिसंबर तक का शेड्यूल जारी करने के बाद अब निगम के अधिकारी हर रोज कहीं ना कहीं अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को भी नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता पीलीभीत बाईपास पर पहुंच गया। यहां से रामपुर रोड के बीच दो बड़े यूनीपोल लगे थे जिन्हें अवैध रूप से लगाया गया था। दस्ते ने जेसीबी की मदद से इन दोनों यूनीपोल को तोड़ दिया और इन पर लगे विज्ञापनों को जब्त कर लिया। इसके बाद दस्ता बदायूं रोड पर पहुंचा, जहां करीब एक दर्जन दुकानों पर चेकिंग के दौरान अवैध रूप से पॉलिथीन इस्तेमाल होती मिली। इस पर इन दुकानों से करीब 25 किलो पॉलिथीन जब्त कर इन पर 35 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान अतिक्रमण दस्ते के प्रमुख सुधीर भोला के नेतृत्व में चलाया गया।