आंवला। प्रधान को स्मैक तस्करी के जुर्म में जेल भेजने की धमकी देकर उससे सात लाख रुपये वसूलने के मामले में सीओ ने प्रधान और उनकी पत्नी व अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। इस मामले में आरोपी दो दरोगा और सिपाहियों का पुलिस अभी तक पता नहीं लगा सकी है।
मझगवां की ग्राम पंचायत ढकिया के प्रधान छत्रपाल ने 10 दिसंबर को अलीगंज थाने में तैनात दरोगा नितिन शर्मा, मुकेश कुमार सिपाही देवेंद्र और धनंजय सिंह के अलावा एक होमगार्ड के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत रिपोर्ट कराई थी। इससे पहले प्रधान ने ग्रामीणों के संग थाने का घेराव किया था। आरोप लगाया कि आठ दिसंबर को वह विशारतगंज थाने के गांव मिलक बहादुरगंज से लौट रहे थे। तभी भीकमपुर गांव के पास गैनी चौकी पर तैनात सिपाही धनंजय सिंह ने एक होमगार्ड के साथ उनकी गाड़ी रोक ली और अफीम होने की बात कहकर तलाशी लेने के लिए गैनी चौकी ले गए। वहां से दरोगा नितिन शर्मा, मुकेश कुमार और सिपाही धनंजय तथा देवेंद्र उन्हें एटपुर के जंगल में ले गए वहां उनके हाथ पर अफीम रखकर वीडियो बनाई। बाद में मादक पदार्थ तस्करी के आरोप में बंद करने की धमकी देकर उनसे 14 लाख रुपये की मांग की लेकिन सात लाख रुपये लेकर छोड़ दिया। दरोगा नितिन बुलंदशहर तो मुकेश मुजफ्फरनगर के निवासी हैं। पुलिस ने सभी के घरों और रिश्तेदारों में दबिश दी। गिरफ्तारी ना होने पर इनके गैर जमानती वारंट जारी हो चुके हैं।