बरेली। प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा की सख्ती के बाद चिह्नित किए गए पार्किंग स्थल पर बोर्ड लगाने का काम शुरू हो चुका है। मगर अब तक इनका अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। ऐसे में बिना अतिक्रमण हटाए पार्किंग औचित्यहीन साबित हो सकती है। साथ ही नो वेंडिंग जोन का निर्धारण भी शुरू कर दिया गया है।
पिछले दिनों समीक्षा बैठक के दौरान जिले के प्रभारी मंत्री श्रीकांत शर्मा ने शहर में पार्किंग स्थल बनाने के निर्देश दिए थे। इसके तहत नगर निगम ने सिविल लाइंस क्षेत्र में हनुमान मंदिर के पास सड़क के दोनों किनारों पर, नगर निगम के बाहर, चौपुला चौराहा से अयूब खां चौराहे तक सड़क के दोनों ओर, चौपुला पुल के नीचे बंद हो चुकी क्रॉसिंग के आसपास, प्रभा सिनेमा के बाहर, बरेली कॉलेज के सामने मानसिक अस्पताल की दीवार के पास और जीआईसी ग्राउंड को पार्किंग स्थल के लिए चिह्नित किया था। शनिवार को इस पर काम शुरू करके सिविल लाइंस में हनुमान मंदिर के पास और नगर निगम के बाहर पार्किंग स्थल के बोर्ड लगा दिए गए।
चौपुला पार्किंग में झोपड़पट्टी और कब्जे
अयूब खां चौराहे से चौपुला चौराहा तक सड़क के दोनों ओर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। मगर यहां पर वाहन मैकेनिकों का कब्जा है और हनुमान मंदिर के पास झोपड़पट्टी बनी हुई है। साथ ही रेलवे कॉलोनी के बाहर अवैध वाहन स्टैंड बना हुआ है, अब तक इसे भी नहीं हटाया गया है।
नो वेडिंग जोन में देना होगा जुर्माना
नगर निगम ने शनिवार को बरेली कॉलेज तिराहा और नगर निगम के बाहर के क्षेत्र को नो वेंडिंग जोन घोषित कर इसके बोर्ड भी लगा दिए। बावजूद इसके यहां दुकानें लगी नजर्र आइं। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना ने बताया कि नो वेंडिंग जोन में दुकानें लगाने पर जुर्माना लगाया जाएगा।
सिविल लाइंस की नो पार्किंग ठेलों का कब्जा
हनुमान मंदिर के सामने सिविल लाइंस में नो पार्किंग का बोर्ड लगा हुआ है, मगर अनदेखी के चलते यहां ठेले वालों ने कब्जा जमा लिया है। बताया जाता है कुछ ठेले तो व्यापारियों ने ही लगवाए हैं और किराया भी वसूल रहे हैं।