बरेली। पीडब्ल्यूडी ने जिला पंचायत रोड पर वेंडिंग जोन घोषित करने के लिए नगर निगम को एनओसी देने से इंकार कर दिया है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने नगर आयुक्त को जवाब भेजा है कि मार्ग पर वेंडिंग जोन बनाने के लिए पटरियों की चौड़ाई पर्याप्त नहीं है। इससे यातायात बाधित होने के साथ हादसों की आशंका भी बढ़ जाएगी।
नगर निगम ने जिला पंचायत रोड को वेेंडिंग जोन बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के एक्सईएन हरबंश सिंह से एनओसी मांगी थी। इस मामले में एक्सईएन ने रिपोर्ट भेजी है कि यह रोड पीलीभीत-बरेली-बदायूं-मथुरा-भरतपुर का हिस्सा है। जिला पंचायत के सामने से होकर निकली शहरी क्षेत्र की इस रोड का स्वामित्व पीडब्ल्यूडी के पास है। घनी आबादी के बीच होकर निकले इस रोड की चौड़ाई 14 से 16 मीटर तक है। इसमें कोलतार रोड की चौड़ाई सात मीटर, जबकि पटरी की चौड़ाई साढ़े तीन से चार मीटर तक है। सड़क की पटरी का उपयोग पैदल चलने वालों और धीमी गति के वाहन चालकों के द्वारा किया जाता है। सर्वोच्च न्यायालय व उच्चाधिकारियों के भी निर्देश है कि यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मार्ग की पटरियों को अतिक्रमण से मुक्त रखा जाए। एक्सईएन ने इस आधार पर इस रोड को वेंडिंग जोन के लिए एनओसी देने में असमर्थता जताई है।
पोर्टेबल शॉप रखकर पूर्व में हो चुकी है कब्जे की कोशिश
जिला पंचायत रोड पर पूर्व में पोेर्टेबल शॉप रखकर कब्जा करने की कोशिश की गई थी। इसे लेकर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मई में नगर आयुक्त को चिट्ठी भेजकर अनधिकृत तौर से रखी गईं इन दुकानों को हटवाने को कहा था। इसके बाद प्रशासन के सहयोग से पोर्टेबल दुकानों को हटाने की कार्रवाई की गई थी।
जिला पंचायत रोड की चौड़ाई कम है। रोड पर वेंडिंग जोन बनाने का कोई प्रावधान नहीं है। पूर्व में यहां से पोर्टेबल शॉप हटवाने की कार्रवाई भी हो चुकी है। इसलिए यहां एनओसी देना मुमकिन नहीं है।
-हरबंश सिंह, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी (प्रांतीय खंड)