बरेली। नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान ठेकेदार के पास नगर निगम की फाइलें मिली थीं। इसमें एक लिपिक को निलंबित कर दिया गया है। मगर जांच में सामने आया है कि ठेकेदार की कुछ अन्य कर्मचारियों से भी दोस्ती थी और उनकी फाइलें भी उसके पास से मिली हैं।
नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. ने 17 अगस्त को औचक निरीक्षण किया तो ठेकेदार गुलजार के पास 16 फाइलें पकड़ी गई थीं। उस समय पत्रावली निर्माण विभाग के लिपिक ध्रुव कुमार चौबे के पटल की बताकर उसे सस्पेंड कर दिया गया था। मामले की जांच जीएम जलकल को सौंपी गई। उन्होंने लिपिक ध्रुव को चार्जशीट सौंपकर ठेकेदार से मिली फाइलों की जानकारी मांगी। इस पर लिपिक ने बताया कि उनमें से सिर्फ चार फाइलें उसके पटल की हैं। अब बाकी 12 फाइलों को लेकर जांच चल रही है। जीएम जलकल ने प्रभारी मुख्य अभियंता को पत्र लिखकर इन फाइलों के बारे में जानकारी मांगी है कि यह किसके पटल से संबंधित हैं। अब इस मामले में ठेकेदार से दोस्ती निभाकर फाइल देने वाले कुछ अन्य कर्मचारियों का फंसना तय माना जा रहा है।