बरेली। एसएसपी की शिकायत पर नगर निगम टीम ने मंगलवार को उनके कार्यालय के पास अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान निगम टीम ने अतिक्रमण कर नाले पर रखे गए खोखा और दुकानें हटवाईं। हल्का विरोध भी हुआ लेकिन निगम टीम ने सख्ती से सारे खोखा हटा दिए। नाले पर कुछ वकीलों ने अतिक्रमण कर रखा है, उन्हें हटाने के लिए बार एसोसिएशन की मदद लेकर कार्रवाई होगी।
बरसात के दौरान एसएसपी कार्यालय में काफी पानी भर जाता है। एसएसपी कार्यालय के बाहर नाला बना है। मगर नाले पर अतिक्रमण है, जिसके चलते सफाई न होने के कारण यहां का पानी निकलना मुश्किल होता है। इसके एसएसपी मुनिराज जी. ने 18 जुलाई को नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. को पत्र लिखकर अतिक्रमण हटाकर नाला साफ कराने को कहा था। इस पर मंगलवार को निगम टीम जेसीबी लेकर मौके पर पहुंची और नाले पर रखे खोखा हटवाकर चबूतरे ध्वस्त कर दिए। इससे आगे वकीलों ने अपने चैंबर के शेड भी नाले पर बना रखे हैं लेकिन निगम टीम ने उन पर कोई कार्रवाई नहीं की। बताया जाता है कि इसके लिए निगम टीम ने बार एसोसिएशन को पत्र लिखकर उनकी मौजूदगी में कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
मिल्क पार्लर में चोरी की बिजली
नाले से नगर निगम टीम ने जो खोखा हटवाए हैं, उनमें मिल्क पार्लर संचालित किया जा रहा है। यहां पर चोरी की बिजली से बड़े-बड़े फ्रिज भी लगे हुए थे। मगर कलक्ट्रेट और एसएसपी ऑफिस के पास ही हो रही बिजली चोरी को लेकर अफसर अब तक अनजान बने हैं।