बरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीमों ने शुक्रवार को विभिन्न स्थानों पर छापामार कार्रवाई कर खाद्य पदार्थों के 10 नमूने संग्रहीत किए हैं। यही नहीं, 1.78 लाख रुपये की कीमत का 1,191 किग्रा सरसों का तेल जब्त कर उसे सीज किया। साथ ही 5,400 रुपये की कीमत का 18 किग्रा खोया भी नष्ट कराया है और 48 किग्रा कचरी जब्त कर सीज की है।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय गोयल ने बताया कि मीरगंज के राजेंद्र नगर में रिद्धि इंटरप्राइजेज से सरसों के तेल के दो नमूने लिए गए हैं और 1,191 किग्रा सरसों का तेल जब्त कर सीज किया गया है। ऐसे ही शंकरपुर के अमन स्वीट्स हाउस से 18 किग्रा गुणवत्ता में संदिग्ध खोया नष्ट कराया है। विजय ट्रेडर्स से हल्दी पाउडर एवं रंगीन चिप्स का नमूना जांच को भेजा गया है। फरीदपुर में बीसी ट्रेडर्स से घी, आनंद बिहार काॅलोनी में वीपी फूड्स प्रोडक्ट से कचरी का एक-एक नमूना लिया गया है। वीपी फूड्स प्रोडक्ट के यहां से 48 किग्रा कचरी जब्त कर सीज की गई है। उन्होंने बताया कि संग्रहीत नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक को भेजे गए हैं।