बरेली। मुश्ताक हत्याकांड के आरोपी कौसर के बेटे की धमकी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। इंस्टाग्राम पर उसने लिखा है, अभी तो एक ही गया है और सबकी बारी है, जल्द ही एक न एक और मरेगा, मैं जल्द ही लौटूंगा। सोमवार को पीड़ित पक्ष ने इसके स्क्रीनशॉट के साथ एसएसपी से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की।
जोगीनवादा के मोहल्ला गद्दी निवासी मुश्ताक की 25 जून को बिथरी चैनपुर क्षेत्र में बड़ा बाईपास पर गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी। बलवा, हत्या और जानलेवा हमले के मामले में मोहल्ले के ही साहिल उर्फ भूरा, वाजिद, आमिर, अकील, सलाहउद्दीन और कौसर को जेल भेजा गया था। हत्या के बाद आरोपियों के परिवार के गुड्डू, अकरम, गटे, नाजिम, अफसर हाजी, अफजाल और वकीलुद्दीन ने मुश्ताक और उनके फुफेरे भाई अफजल के घर हमला करके लूटपाट भी की थी। इस मामले में अलग से डकैती की रिपोर्ट दर्ज की गई लेकिन बारादरी पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है। इसको लेकर मुश्ताक के परिजन में नाराजगी है।
सोमवार को मुश्ताक के भाई शाहिद और अफजल के बेटे गुलाम मोहम्मद परिवार की महिलाओं के साथ एसएसपी दफ्तर पहुंचे। उन्होंने एसएसपी रो मुश्ताक की हत्या के आरोपी कौसर के बेटे की इंस्टाग्राम पर धमकी भरी पोस्ट का स्क्रीनशॉट सौंपा। इसमें उसने लिखा है, ‘अब तक एक ही गया है और सब की बारी है, जल्द एक न एक और मरेगा, जल्दी लौटूंगा।’ इसके नीचे उसने लिखा है कि ‘इज्जत और लठ दोनों तैयार रखो, जो जिसके लायक हो दे दिया करो।’ एसएसपी ने बारादरी पुलिस को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
मुश्ताक के परिवार ने बारादरी पुलिस पर भी सवाल उठाए। कहा, कुछ आरोपी तो पहले जिला बदर रहे हैं और उन पर कई मुकदमे दर्ज हैं। सात मई को आरोपियों ने उनके परिवार की सागरा के घर में घुसकर हमला किया लेकिन बारादरी पुलिस ने उसमें भी कोई कार्रवाई नहीं की, इससे उनके हौसले बढ़े हुए हैं।