चाकू से गला रेतकर युवक की हत्या, शाम से था लापता... बाग में मिला शव, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
मीरगंज (बरेली)। घर से बुधवार रात लापता हुए मोहल्ला शिवपुरी के शिवम उर्फ कन्हैया (22) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव एक बाग में पड़ा मिला। शक के आधार पर शिवम के दोस्तों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। पिता रामबाबू दिवाकर ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शिवम बुधवार शाम पांच बजे घर से निकला था। डेढ़ घंटे बाद भी वह नहीं लौटा तो घरवालों ने मोबाइल फोन पर कॉल की। उसका फोन स्विच ऑफ था। परिजनों ने रात 12 बजे तक तलाश की, पर शिवम का कुछ पता नहीं चला। बृहस्पतिवार सुबह सिंधौली रेलवे फाटक से दो सौ मीटर पश्चिम की ओर अफसन खां के बाग में आम के पेड़ के नीचे शिवम का शव पड़ा मिला।
उसकी गर्दन किसी धारदार हथियार से रेती गई थी। सीने और शरीर पर पांच घाव थे। सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीमें भी मौके पर पहुंच गई। एसपी दक्षिणी मानुष पारीक व सीओ गौरव सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। शिवम दो भाइयों व एक बहन में सबसे बड़ा था।
हत्या को आत्महत्या बनाने की कोशिश विफल
हत्यारों ने मामले को आत्महत्या दर्शाने की कोशिश की थी। जिस पेड़ के नीचे शिवम का शव मिला, उसकी डाल में रस्सी बंधी हुई थी, लेकिन हत्यारे उसे लटकाने में सफल नहीं हो सके थे। शायद इसके बाद ही उसकी चाकू से गोदकर हत्या की गई। शिवम के एक पैर में चप्पल थी, जबकि दूसरी घटनास्थल से दूर पड़ी थी। उसका मोबाइल फोन भी नहीं मिला। पिता ने बताया उनके बेटे को किसी ने कॉल करके बुलाया था। पुलिस सर्विलांस से उस शख्स का पता कर रही है। एक बैंक के कैमरे में शिवम शाम को अकेला जाता दिख रहा है। संवाद
मामला हत्या का ही लग रहा है। सर्विलांस, सीसीटीवी के साथ ही मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्दी ही राजफाश कर दिया जाएगा। - मानुष पारीक, एसपी दक्षिणी