बरेली। चकमहमूद के सकलैन नगर निवासी शानू ने बताया चार दिन पहले रानू के शिकायत करने पर सट्टा किंग मल्लू उर्फ अख्तर के गुर्गे बौखला कर उनके घर आए थे। दरवाजे पर फायरिंग की और धमकी दी कि शिकायत करने पर उसके घर की किसी भी व्यक्ति की जान जा सकती है। वह उसके लिए कफन भी तैयार कर लेना। शानू ने बताया कि एलान करने के साथ शुक्रवार दोपहर को सट्टा किंग मल्लू और अदनान आदि उसके घर में घुस आए। अदनान ने उसके भाई रानू के सीने में गोली दागी और अन्य ने उसके चाचा, भाभी और उस पर फायरिंग की। आरोप है कि घर में लूटपाट भी की गई, जो भी कुछ रखा था सब हमलावर ले गए।
0
बचाव को आई मां को घोंपी छुरी
बरेली। हमलावरों के सिर पर मानों खून का जुनून सवार था। उनके सामने जो भी परिवार का सदस्य आया उसे बख्शा नहीं। हमलावरों ने फायरिंग कर रानू के सीने में गोली दागी। ये देख उसकी मां बिटिया बचाव को आई तो उनके भी छुरी घोंप दी। उन्होंने छुरी पकड़ ली, जिससे उनका हाथ जख्मी हो गया। वहीं रानू के भाई के हाथ पर भी फायर किया और चाचा के एक गोली सीने के नीचे व दूसरी पेट पर मारी। वहीं रानू की भाभी शबनम को भी हमलावरों ने नहीं बख्शा। सभी घरवाले रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन हमलावरों का कलेजा बिल्कुल नहीं पसीजा। शानू ने बताया कि हमलावर पूरे परिवार को खत्म करना चाहते थे, लेकिन फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग आ गए, तभी वह भाग गए।
0
पुलिस जिम्मेदार है रानू की कत्ल के लिए
रानू के कत्ल के मामले में पुलिस भी कम जिम्मेदार नहीं है। पुलिस ने शिकायत के बावजूद इसे हल्के में लिया। रानू के घर पर चार दिन पहले फायरिंग कर हत्या की धमकी दी गई, लेकिन पुलिस के कार्रवाई न करने पर उस पर सवाल उठ रहे हैं। रानू के भाई शानू का कहना है कि काश पुलिस ने समय पर धमकी देने वालों के खिलाफ कार्रवाई की होती तो आज उसका भाई रानू जिंदा होता। उसने हमलावरों के साथ पुलिस को भी बराबर का जिम्मेदार ठहराया है।
0
रानू ने की थी शिकायत
मेरे मोहल्ले में हजियापुर का सट्टा किंग मल्लू खुलेआम सट्टा करा रहा है। मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा है। गुंडई चरम पर है। बहू बेटियों का घर से निकला दुश्वार हो गया है। मोहल्ले वाले भी बर्बाद हो रहे हैं। इसका विरोध करने पर मेरे घर के सामने फायरिंग कर हत्या की धमकी भी दी जा चुकी है।
0
चौकी, थाने और अस्पताल में हंगामा
रानू को गोलियां लगने के बाद परिवार वाले पहले उसे कांकरटोला चौकी ले गए। यहां सुनवाई न होने पर हंगामा किया गया। इसके बाद उसे लेकर थाने पहुंचे। यहां भी जमकर हंगामा किया गया। एसएसआई सुधीर कुमार शुक्ला माहौल गरमाता देख रानू को सिद्धि विनायक अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया। इस पर परिवार वाले और भड़क गए। जिससे अस्पताल के सामने गुजरने वाली सड़क पर जाम लग गया। आक्रोश को देखते हुए सीओ सिटी तृतीय के अलावा सीओ सिटी प्रथम, बारादरी, इज्जतनगर, कोतवाली, सुभाषनगर, बिथरीचैनपुर, कैंट थाने के अलावा आरएएफ को भी बुला लिया गया।
0
दरोगा का दावा, नहीं दी गई तहरीर
कांकरटोला चौकी इंचार्ज हरिकेश सिंह का कहना है कि उन्हें झगड़े की सूचना मिली थी। उन्होंने रानू के भाई नदीम से तहरीर भी मांगी थी, लेकिन उन्हें तहरीर नहीं दी गई। दरोगा के मुताबिक चौकी पर तहरीर देने की बात गलत कही जा रही है। सटोरियों से पुलिस का कोई लेना देना नहीं है, अगर शिकायत मिलती तो कार्रवाई करते।
0
गलियों में छाया सन्नाटा
रानू की हत्या के बाद चकमहमूद सकलैन नगर में दहशत कायम हो गई। गोलियों की आवाज सुनकर कांपे लोग घरों से निकलने का साहस नहीं जुटा पा रहे हैं। गलियों में सन्नाटा पसरा है। मौके पर पुलिस लगा दी गई है।
..............................
सट्टे का जाल, पुलिस मालामाल
- शिकायत करने पर सूफी टोला का सट्टा अहमद भी करा चुका है फायरिंग
- जगतपुर का शाहिद टूटा देता है दरोगा को 65 और सिपाहियों को चार-चार हजार रुपये महीना
- मुश्ताक का सुरेश शर्मा और खलील का भी चलता है खुलेआम खेल
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। बारादरी के पुराना शहर में पांच सट्टेबाजों का जाल फैला हुआ है। संबंधित क्षेत्र के दरोगा को 65 हजार और सिपाहियों को चार-चार हजार रुपये देकर सट्टेबाजों का खेल खुलेआम चल रहा है और पुलिस मालामाल हो रही है। यही वजह है कि पब्लिक जब शिकायत करती है तो सट्टा किंग उन पर हमला करा देते हैं पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रहती है।
बारादरी में सूफी टोला का सट किंग अहमद भी पिछले दिनों शिकायत करने पर पब्लिक पर फायरिंग करा चुका है। उसका खेल अब भी जारी है। वहीं जगतपुर का शाहिद टूटा, सुरेश शर्मा नगर में मुस्ताक, जगतपुर तिराहे पर ही रहने वाला खलील भी पुराना शहर में सट्टे का हर दिन लाखों का कारोबार करते हैं। यही वजह है कि पुलिस इन पर कार्रवाई नहीं करती। क्षेत्र में खुलेआम सट्टे का खेल देखा जा सकता है। बड़े अधिकारियों की फटकार पड़ने पर पुलिस छोटे मोटे सटोरियों को पकड़ कर अपनी गर्दन बचा लेती है, लेकिन बड़े सट्टेबाजों पर हाथ तक नहीं डालती।
0
प्रेमनगर - इस क्षेत्र में पांच सट्टेबाजों का जाल फैला है। इनके गुर्गे पुलिस से मिलकर खुलेआम सट्टा कराते हैं। क्षेत्र के दरोगा सिपाही मिले होने के कारण इन पर कार्रवाई नहीं करते।
0
किला - यहां जितेंद्र और जनिया नामी सट्टेबाज हैं। इनका भी करोड़ों का सट्टा हर माह होता है और पुलिस को मोटी रकम मिलती है।
0
पत्रकारों पर हमला करने वालों को भी नहीं पकड़ा पुलिस ने
किला क्षेत्र में पिछले दिनों सट्टेबाजों ने इलेक्ट्रानिक मीडिया से जुड़े पत्रकार अनूप मिश्रा और मनोज कुमार पर हमला किया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।
0
कांकरटोला चौकी इंचार्ज निलंबित
एसएसपी ने देर रात कांकर टोला चौकी इंचार्ज हरिकेश सिंह को शिकायत मिलने के बाद भी कार्रवाई न कर लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया है। वहीं किला की मलूकपुर चौकी प्रभारी महेंद्र सिंह को भी लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनके खिलाफ भी इसी तरह की शिकायतें मिली थीं।