बरेली। नामकरण समारोह में लड़का लड़की को एक साथ बैठे देख एक युवक ने टोक दिया। इस पर समारोह में बिन बुलाए मेहमान ने युवक को गोली मार दी। इससे समारोह में खलबली मच गई। घायल युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
घटना कैंट के गांव चौबारी में शुक्रवार रात करीब दस बजे हुई। इंस्पेक्टर कैंट सूर्यनाथ यादव ने बताया कि गांव निवासी चंद्रभान के भाई वेद प्रकाश के बेटे का नामकरण समारोह चल रहा था। जिसमें गांव का ही ट्रक चालक प्रमोद और कुलदीप भी आए थे। समारोह में आए एक लड़का और लड़की बैठकर बातें कर रहे थे। जिन्हें प्रमोद ने टोक दिया। इस पर कुलदीप ने गोट से तमंचा निकाल कर उसे दिखाया और धमकी दी। इस पर प्रमोद ने उसे तमंचा गोट में ही रख लेने की हिदायत दी। इतना सुनते ही कुलदीप ने प्रमोद को गोली मार दी और भाग गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी कुलदीप की तलाश में उसके घर पर दबिश दी गई, लेकिन वह नहीं मिला। कुलदीप ट्रकों के तिरपाल काटकर चोरी करने का धंधा करता है। इंस्पेक्टर के मुताबिक पूछताछ में चंद्रभान ने बताया कि कुलदीप को उन्होंने दावत में नहीं बुलाया था। वह कब आया और गोली मारकर कब भाग गया, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है।