फरीदपुर। बहन के साथ दूसरे समुदाय के दोस्त को आपत्तिजनक हालात में देखकर युवक की हत्या करने के आरोपी अनमोल को गिरफ्तार किया गया है। उसपर 20,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पांच माह बाद हुई गिरफ्तारी के बाद अनमोल को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से जेल भेजा गया है।
फरीदपुर इंस्पेक्टर राधेश्याम ने बताया कि क्षेत्र का लवप्रीत उर्फ लवी कस्बे के मोहल्ला भूरेखां गौटिया निवासी दोस्त जुनैद (20) को पिछले साल दिसंबर में दावत के लिए बुलाकर ले गया। रात में लवी ने जुनैद को अपनी बहन के साथ घर के कमरे में आपत्तिजनक हालात में देख लिया। उसने अपने भाई अनमोल को वीडियो कॉल करके पूरा घटनाक्रम दिखाया।
अनमोल की वीडियो कॉल के अनुसार, लवी और उसके दोस्त सनी ने जुनैद को एक गांव के पास ले जाकर पीटा, फिर उसके माथे में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया। जुनैद की बाइक वहीं सड़क पर खड़ी रही।
जुनैद के पिता नन्हे ने आरोपियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्या के आरोप में लवप्रीत को गिरफ्तार कर लिया गया था। जांच के दौरान रिपोर्ट में सनी और बलवंत सिंह उर्फ अनमोल का नाम बढ़ाया गया। लवी और सनी को जेल भेजा जा चुका है। बड़रा कासिमपुर कटरा पट्टी निवासी बलवंत सिंह उर्फ अनमोल वांछित था। उसपर 20,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। हत्या के पांच माह बाद अनमोल की गिरफ्तारी की गई है। उसको बीसलपुर रोड अंडरपास बाइपास से पकड़ा गया। उसके पास से मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस ने अनमोल को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। वहां से जेल भेजा गया है। अनमोल की मां एक व्यक्ति की हत्या के मामले में पहले ही जेल जा चुकी है।