विज्ञापन एजेंसियों ने नहीं चुकाया बकाया, जब्त किए जाएंगे होर्डिंग
नगर निगम ने विज्ञापन शुल्क जमा करने में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। बकाया राशि का भुगतान न करने पर एडटेक प्रिंट एंड मीडिया और सैलबेल मीडिया के विज्ञापन होर्डिंग जब्त किए जाएंगे। इस पर आने वाला समस्त व्यय भी संबंधित एजेंसियों से वसूला जाएगा। दोनों एजेंसियों को ब्लैकलिस्ट भी किया जा सकता है।
विज्ञापन प्रभारी राजीव कुमार राठी का कहना है कि नगर निगम की ओर से विभिन्न एजेंसियों को पांच वर्ष की विज्ञापन अनुज्ञा के तहत देय शुल्क जमा करने के लिए डाक से नोटिस भेजे गए थे। निगम को चेक व ऑनलाइन माध्यम से कुल 55.16 लाख रुपये की राशि मिली है, लेकिन कुछ एजेंसियों ने अब तक पूरा भुगतान नहीं किया है। एडटेक प्रिंट एंड मीडिया प्राइवेट लिमिटेड पर नवंबर और दिसंबर 2025 की देय राशि के सापेक्ष 42 लाख रुपये से अधिक का बकाया है। फर्म को पूर्व में भी नोटिस जारी किया जा चुका है। इसके बावजूद पूर्ण भुगतान नहीं किया गया।
सैलबेल मीडिया को नवंबर-दिसंबर 2025 की देय राशि 1.09 लाख रुपये जमा करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं किया गया। नगर निगम ने नोटिस में एजेंसियों को पांच दिन का समय दिया है। इसके बावजूद एजेंसियों द्वारा विज्ञापन शुल्क जमा नहीं किया गया है।