बरेली। सावन माह को ध्यान में रखते हुए और यातायात को सुगम बनाने के उद्देश्य से नगर निगम की टीम ने मंगलवार सुबह सुभाषनगर के मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। आईजीआरएस पर इसकी शिकायत की गई थी। नाथ कॉरिडोर परियोजना के तहत कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में बाधक बन रहे अतिक्रमण पर निगम का बुलडोजर चला। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा विरोध किया, लेकिन परिवर्तन दल की मौजूदगी में निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।
बताया जा रहा है कि नाथ कॉरिडोर परियोजना के अंतर्गत इस मार्ग का चौड़ीकरण एवं निर्माण कार्य लंबे समय से जारी है, लेकिन अतिक्रमण के कारण कार्य की रफ्तार धीमी पड़ गई थी। नगर निगम प्रशासन की ओर से क्षेत्रवासियों और अतिक्रमणकारियों को स्वयं से कब्जा हटाने के लिए कई बार नोटिस व चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद जब अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो मंगलवार की सुबह नगर निगम का दस्ता परिवर्तन दल के साथ मौके पर पहुंचा और बुलडोजर छह जगह नाले के ऊपर किया गया अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया। नगर निगम के अधिशासी अभियंता राजीव राठी ने बताया कि सावन माह जल्द ही शुरू होने वाला है, जिसके कारण इस मार्ग पर श्रद्धालुओं और आम जनता की आवाजाही काफी बढ़ जाएगी। सड़क निर्माण कार्य को समय पर पूरा करना नगर निगम की प्राथमिकता है। अतिक्रमण हटने के बाद अब निर्माण कार्य में तेजी आएगी और सावन शुरू होने से पहले सड़क को आवागमन के लिए पूरी तरह से तैयार कर लिया जाएगा।