बरेली। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में वर्ष 2024-25 के लिए 699 करोड़ रुपये का बजट बुधवार को पेश किया जाएगा। इसके बाद बोर्ड की बैठक में पार्षदों के मुद्दे गूंजेंगे। बैठक में गृहकर, जलकर की अग्रिम अदायगी करने वालों को छूट दिए जाने की मंजूरी फिर से मिल सकती है। विकास को रफ्तार देने पर भी विचार होगा।
कार्यकारिणी की बैठक दोपहर 12 से डेढ़ बजे तक होगी। बैठक बजट के प्रावधानों और कुछ मुद्दों तक ही सीमित होने के आसार हैं लेकिन शाम को 3 बजे से होने वाली बोर्ड बैठक में जनता के मुद्दों पर बहस होना तय है। पार्षदों ने इसकी तैयारी कर रखी है। विपक्ष के तेवर तीखे रहेंगे। सत्ता पक्ष भी जवाब देने की तैयारी में है।
नगर निगम, अग्रिम कर जमा करने पर दस, साढ़े सात और पांच फीसदी की छूट देता आया है। इस छूट को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए भी स्वीकृति दिए जाने का प्रस्ताव है। उप सभापति सर्वेश रस्तोगी का कहना है कि वह छूट जारी रखने के साथ इसकी सीमा बढ़ाने की भी पैरवी करेंगे। विकास की प्रस्तावित योजनाओं पर विमर्श होगा। बोर्ड की बैठक जनता के मुद्दों पर हो रही है। बजट के लिए अलग से किसी अन्य तिथि में बोर्ड की बैठक होगी।
बोर्ड बैठक में अतिक्रमण, पार्कों की दुर्दशा और सड़कों के निर्माण में देरी के मुद्दे गूंजेंगे। पार्षद सलीम पटवारी ने कहा कि नाला सफाई न होने का मामला उठेगा। उप सभापति सर्वेश रस्तोगी ने बताया कि सील दुकानों को खोलने का प्रस्ताव वह रखेंगे। पार्षद राजेश अग्रवाल के अनुसार अग्रिम गृहकर जमा करने वाले उपभोक्ताओं के लिए छूट जारी रखने का प्रस्ताव वह दे चुके हैं, क्योंकि लोकसभा चुनाव से पहले होने वाली बोर्ड की यह अंतिम बैठक है। पार्षद सतीश कातिब का कहना है कि माली न होने से पार्कों की दुर्दशा का मुद्दा वह उठाएंगे। अतिक्रमण व गृहकर के बिलों में आ रही गड़बड़ी के मुद्दे भी पार्षद उठाएंगे।