अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। नगर निगम ने जिम्मेदारी आधी-अधूरी निभाई। रविवार को अलखनाथ मंदिर के सामने खुले मैनहोल का मुद्दा अमर उजाला ने उठाया तो सोमवार को नगर निगम की टीम ने मैनहोल का ढक्कन तो लगा दिया, लेकिन इसी ढक्कन से 50 मीटर की दूरी पर पाइप लाइन की लीकेज ठीक करने के लिए दस दिन पहले खोद गए गड्ढे को नहीं भरा गया।
श्यामगंज में पुल के नीचे सीवर की लीकेज सोमवार को भी रही। आसपास के लोगों ने बताया कि तीन महीने से सीवर का पानी सड़क पर बह रहा है। जब वाहन गुजरते हैं तो पैदल चलने वालों को छींटे पड़ते हैं।
कई बार नगर निगम में शिकायत की गई। नगर निगम के कर्मचारी आए। सीवर लाइन को ठीक किया गया, लेकिन दो दिन में फिर लीकेज शुरू हो गई। कर्मचारी आए देखा तो पता लगा कि पूरी लाइन चोक है लेकिन लाइन ठीक नहीं हो सकी।
सोमवार को शाम एक बार फिर कर्मचारी पहुंचे और लीकेज ठीक करने लगे।