बरेली। मुहर्रम पर बुधवार को सुबह आठ से रात 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दिल्ली, नैनीताल, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं की ओर जाने-आने वाले भारी वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा। मंगलवार को ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन प्लान के साथ एडवाइजरी भी जारी की है। इसके लिए चिह्ति बिंदुओं पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी भी लगा दी गई है। एसपी ट्रैफिक शिवराज ने बताया कि असुविधा से बचने के लिए बुधवार को जरूरी होने पर ही यात्रा करें। बेहतर होगा कि मुख्य मार्गों के स्थान पर यात्रा के लिए वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।
-झुमका तिराहे से कोई वाहन मिनी बाइपास की ओर नहीं जाएगा। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के वाहनों का आवागमन ट्यूलिया अंडरपास से होगा।
- दिल्ली-मुरादाबाद-रामपुर से बरेली आने वाले वाहन बिलवा पुल-इज्जतनगर-डेलापीर-विलय धाम-बैरियर-2 होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे।
- बरेली से दिल्ली, नैनीताल, पीलीभीत, शाहजहांपुर जाने वाले सभी वाहन बिलवा पुल/विलयधाम से होकर जा सकेंगे।
- इन्वर्टिस तिराहे से सेटेलाइट बस अड्डे की ओर आने वाले वाहन इन्वर्टिस से विलयधाम, बैरियर-2 होते हुए घूमकर सेटेलाइट आ सकेंगे।
- सेटेलाइट बस अड्डे से ईसाइयों की पुलिया, मालियों की पुलिया, बियावानी कोठी की तरफ सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। सेटेलाइट बस अड्डे से सौ फुटा-डेलापीर-श्यामगंज पुल होते हुए ये वाहन गांधी उद्यान, रेलवे जंक्शन की ओर आ-जा सकेंगे।
- इज्जतनगर तिराहे से कुदेशिया पुल-महादेव सेतु व किला की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इन वाहनों का इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से डेलापीर-गांधी उद्यान होते हुए जंक्शन और सिटी स्टेशन की ओर आवागमन होगा।
- बरेली से बदायूं जाने वाले भारी वाहन डेलापीर-विलयधाम-फरीदपुर-बुखारा मोड़ होते हुए जाएंगे। बदांयू से बरेली आने वाले भारी वाहन बुखारा मोड़ से फरीदपुर होते हुए हाईवे पर आ सकेंगे। बुखारा मोड़ से बरेली की ओर सभी प्रकार के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।
- शहर में आने-जाने के लिए रेलवे स्टेशन-चौकी चौराहा-गांधी उद्यान-डेलापीर-बैरियर-2, विलय धाम का मार्ग सामान्य दिनों की तरह यथावत चलता रहेगा।