(योगी के तेवर का असर)
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कड़े तेवर से सांसद आदर्श योजना में चयनित गांव के दिन बदल सकते हैं। ढाई साल से उपेक्षित चार गांवों को मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए बरेली और आंवला के सांसदों ने पहल करनी शुरू कर दी है। सांसदों ने सीडीओ से गोद लिए हुए चार गांवों में केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर काम में तेजी लाने के लिए बात की। सीडीओ ने एसडीएम नवाबगंज और एसडीएम फरीदपुर से दो गांवों का सर्वे तीन दिन के अंदर पूरा कर आख्या भेजने के निर्देश दिए हैं।
सांसद आदर्श योजना के तहत बरेली के सांसद संतोष गंगवार ने फतेहगंज पश्चिमी के ब्लाक रहपुरा जागीर और भदपुरा ब्लाक के ढकिया बरकली और आंवला सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने क्यारा ब्लाक के रोंधी और फरीदपुर के बसावनपुर गांवों का चयन किया था। यहां सीसी रोड, नाली निर्माण, शौचालय निर्माण, प्राथमिकता के आधार पर वृद्धावस्था, विधवा पेंशन वितरण, विद्युतीकरण, गरीबों को आवास, कौशल विकास प्रशिक्षण, बच्चों की पढ़ाई समेत केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के 58 काम होने हैं।
प्रथम वर्ष में चयनित रहपुरा जागीर और रोंधी गांवों में कुछ काम हुए भी हैं। इसके बावजूद भी दोनों गांव ढाई साल से उपेक्षित हैं। दूसरे साल चयनित बसावनपुर और ढकिया बरकली का अभी तक सर्वे भी नहीं कराया गया। सीडीओ सत्येंद्र कुमार ने एसडीएम नवाबगंज और एसडीएम फरीदपुर को तीन दिन के अंदर दोनों गांवों का सर्वे पूरा कर आख्या भेजने को कहा है। सोलर लाइटें लगवाने के लिए दोनों सांसद अपनी सांसद निधि का बजट देने पर सहमत हो गए हैं। सांसद निधि मिलते ही सबसे पहले यहां सीसी मार्ग नाली निर्माण के काम होंगे। इसके बाद विद्युतीकरण और सोलर लाइटें लगवाई जाएंगी।
आदर्श सांसद योजना में चयनित गांव रहपुरा जागीर और ढकिया बरकली के विकास के लिए सांसद निधि से बजट दिया जाएगा। इसमें क्या काम कराने हैं। इसकी रुपरेखा बन चुकी है। बरेली लौटते ही विकास के प्रस्ताव शीघ्र ही भेजे जाएंगे। - संतोष गंगवार, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री
रहपुरा जागीर में सबसे पहले पेयजल की समस्या हल होनी है। सांसद निधि से काम के प्रस्ताव जल्द ही भेजेंगे। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी से बात हो चुकी है। तीन महीने में ये गांव बदले हुए नजर आएंगे। -धर्मेंद्र कश्यप, सांसद आंवला