सोमवार को वक्त यही कोई 11 बजे का था, जब किला इलाके में तिलक इंटर कॉलेज से भाजपा के मेयर पद के प्रत्याशी उमेश गौतम का रोड शो शुरू हुआ। दो छोटा हाथियों को फूलों से सजाकर रथ जैसा आकार दिया गया था, उसके आगे एक खुली जीप रखी गई और फिर करीब 70-80 मोटर साइकिलों पर भाजपा के झंडे लगाकर नारेबाजी करते भाजपा कार्यकर्ताओं का लंबा काफिला था।
एक रथ पर केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार, प्रदेश के वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक डॉ. अरुण कुमार, बहोरनलाल मौर्य और डीसी वर्मा आदि सवार थे तो दूसरे रथ पर भाजपा के अन्य पदाधिकारी अपने नेताओं पर फूलों की वर्षा करते हुए चल रहे थे। गले में फूल मालाएं डाले प्रत्याशी उमेश गौतम रथ पर ऊपर हाथ जोड़कर मतदाताओं से वोट देने की अपील कर रहे थे। तिलक कॉलेज से निकलकर रथ धीरे-धीरे बड़ा बाजार की ओर बढ़ा तो स्वागत के लिए व्यापारी हाथों में फूल माला लिए खड़े मिले। रथ में मौजूद भाजपाई दिग्गज हाथ जोड़कर सबका अभिवादन करते हुए वोट की अपील कर रहे थे। खुली जीप में सवार भाजपा और भाजयुमो पदाधिकारी भी पीछे से पुष्प वर्षा कर रोड शो की आभा बढ़ाने की कोशिश करते दिखे। सड़क और छतों से भाजपा समर्थक व्यापारी भी रथ पर सवार मंत्री और विधायकों पर पुष्प वर्षा करते नजर आए। रोड शो को बड़ा बाजार से कुतुबखाना तक पहुंचने में ही एक घंटे से अधिक समय लग गया।
कुतुबखाना पर दिग्गजों से खाली हुआ रथ
रोड शो कुतुबखाना पहुंचते ही केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद धर्मेंद्र कश्यप, विधायक डीसी वर्मा और बहोरनलाल मौर्य रथ से उतर गए। रथ दिग्गजों से खाली हुआ तो दूसरे नेताओं ने उनकी जगह ले ली। आलमगिरीगंज में भी व्यापारियों ने रोड शो के रथ रोककर स्वागत किया। यहीं से रोड शो मठ की चौकी और शहामतगंज होते हुए कालीबाड़ी पहुंचा, जहां पर समापन की घोषणा कर दी गई। हालांकि रोड शो के आगे पैदल यात्रा करने वाले विधायक राजेश मिश्रा पप्पू भरतौल और केसर सिंह अपने समर्थकों समेत नगर निगम चौराहे तक चले गए। दोनों विधायकों ने यहां से शो का समापन किया।
पीछे-पीछे रोड शो, आगे-आगे दो विधायक
बोले- कार्यकर्ता पैदल, हम रथ पर चलें.. यह कहां का इंसाफ
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की सभा के मंच पर सबसे आगे बैठने पर चर्चा में आए भाजपा के बिथरी विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल और नवाबगंज के विधायक केसर सिंह भाजपा के रोड शो में भी सबसे आगे दिखाई दिए। दोनों विधायक गले में मालाएं डाले रथ से लगभग 500 मीटर आगे चल रहे थे। उनके पीछे बृज क्षेत्र पदाधिकारी हर्षवर्धन आर्य, दुर्विजय सिंह शाक्य, गुलशन आनंद, संयोजक संजीव अग्रवाल, पूर्व रोटरी गवर्नर पीपी सिंह, डा. अनिल शर्मा, भारत भूषण शील, बंटी ठाकुर, चंद्रपाल गुप्ता आदि कार्यकर्ता बड़ा बाजार और आलमगिरीगंज में प्रत्येक दुकान पर हाथ जोड़कर भाजपा को वोट देने की अपील कर रहे थे। दोनों विधायक कुतुबखाना में खाली होने के बाद भी रथ पर नहीं बैठे। इस सवाल पर विधायकों का कहना था कि यह कहां का तरीका है कि कार्यकर्ता पैदल चले और वह रथ पर। वह अपने कार्यकर्ताओं के साथ पैदल चलने में ही विश्वास रखते हैं क्योंकि वे खुद को कार्यकर्ता मानते हैं।