बरेली। गर्मी की छुट्टियों में पहाड़ लोगों को लुभा रहे हैं। फैमिली ट्रिप पर निकल रहे लोग पहाड़ के अलावा धर्मस्थलों का भी रुख रुख कर रहे हैं। बरेली होते हुए अयोध्या, वाराणसी, प्रयागराज, मथुरा, उज्जैन, अमृतसर आदि स्थानों पर जाने वाली ट्रेनों में कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे। विशेष ट्रेनों की भी यही स्थिति है। प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की ट्रेनों में जून के अंत तक अलग-अलग श्रेणियों में वेटिंग 100-200 तक पहुंच रही है। हरिद्वार, ऋषिकेश जाने वाली ट्रेनों में सबसे ज्यादा मारामारी है।
बरेली होते हुए हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून जाने वाली 14229 प्रयागराज संगम-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, 12369 कुंभ एक्सप्रेस, 13009 हावड़ा-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस, 15119 जनता एक्सप्रेस, 15001 मुजफ्फरपुर-देहरादून एक्सप्रेस, 12327 उपासना एक्सप्रेस की किसी भी श्रेणी में कन्फर्म टिकट उपलब्ध नहीं हैं। कुछ प्रमुख तारीखों में तो इन ट्रेनों की कई श्रेणियों नो रूम की स्थिति हो गई है।
अमरनाथ यात्रा भी 26 जून से शुरू हो रही है। जम्मू जाने वाली ट्रेनें अभी से फुल हो गई हैं। कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे हैं। अब वेटिंग लिस्ट लंबी हो रही है। सप्ताह में एक दिन चलने वाली 12491 मोरध्वज एक्सप्रेस, 12587 अमरनाथ एक्सप्रेस, 22317 हमसफर एक्सप्रेस, 15651 लोहित एक्सप्रेस, 15655 कामाख्या-श्रीमाता वैष्णो देवी कटड़ा एक्सप्रेस, दो दिन चलने वाली 12355 अर्चना एक्सप्रेस और तीन दिन चलने वाली 12331 हिमगिरि एक्सप्रेस में कन्फर्म टिकट नहीं हैं। 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस में वेटिंग 200 के पार पहुंच गई है। विशेष ट्रेनों की भी यही स्थिति है।
वाराणसी, अयोध्या प्रयागराज की ओर जाने वाली ट्रेनों में भी इन दिनों यात्रियों की भीड़ है। कई ट्रेनों में वेटिंग 250 तक पहुंचने के बाद भी टिकट बुक हो रहे हैं। 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस, 15152 देहरादून-वाराणसी एक्सप्रेस, 15152 जम्मूतवी कोलकाता एक्सप्रेस, 13010 योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा एक्सप्रेस, 15128 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, 13006 अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस, 12392 श्रमजीवी एक्सप्रेस, 14650 सरयू-यमुना एक्सप्रेस, 14206 अयोध्या एक्सप्रेस, 04096 आनंद विहार-अयोध्या विशेष ट्रेन में वेटिंग लिस्ट लगातार लंबी हो रही है।
लखनऊ-देहरादून-लखनऊ 22545/22546 वंदे भारत एक्सप्रेस में भी कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे। लखनऊ के अलावा इस ट्रेन का ठहराव बरेली, मुरादाबाद, हरिद्वार में है। इन दिनों हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी बढ़ गई है। लोग देहरादून और नैनीताल की यात्रा भी कर रहे हैं। जून के अंत तक वंदे भारत एक्सप्रेस की चेयरकार और एग्जीक्यूटिव श्रेणियों में 100 तक वेटिंग है। हालांकि, रेलवे ने आठ कोठ की इस ट्रेन में दो और कोच लगाने का निर्णय लिया है। फिलहाल, चुनाव के कारण कोचों की संख्या नहीं बढ़ाई जा रही है।
हरिद्वार, देहरादून के बीच विशेष साप्ताहिक ट्रेनें भी फुल
हरिद्वार, ऋषिकेश और देहरादून समेत नैनीताल, कैंची धाम आदि धार्मिक स्थलों के लिए भी श्रद्धालु टिकट बुक करा रहे हैं। बरेली होते हुए हरिद्वार, देहरादून के लिए चार साप्ताहिक विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। 04323 भागलपुर-हरिद्वार विशेष ट्रेन, 04309 गोरखपुर-देहरादून विशेष ट्रेन, 02191 जबलपुर-हरिद्वार विशेष ट्रेन, 04311 हावड़ा-देहरादून विशेष ट्रेन में जून के अंत तक कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहे।