एसपी यातायात बोले- लोगों को किया जा रहा जागरूक
एसपी यातायात मोहम्मद अकमल खान ने बताया कि शहरवासियों को लगातार यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। बिना हेलमेट के पेट्रोल देने पर प्रतिबंध का नियम भी लोगों को जागरूक करने के लिए ही है, इसके बावजूद दो पहिया वाहन चालक हेलमेट पहनने में लापरवाही बरत रहे हैं। अगर लोग खुद ही सजग हो जाएं तो पुलिस को चालान या अन्य कार्रवाई करने की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। चौराहों पर कैमरे लगाकर भी यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर नजर रखी जा रही है।
हादसे में बेटे को खोने वाले सुरेश ने की हेलमेट लगाने की अपील
हेलमेट न पहनने से हो रही युवाओं की मौतों का दंश परिवार झेल रहा है। गांव पदमी निवासी मुकेश की मौत से आहत उनके पिता सुरेश कुमार उस मनहूस दिन को याद कर आंखें नम कर लेते हैं जब उनका बेटा उनसे हमेशा के लिए जुदा हो गया। वह बताते हैं कि 21 अक्तूबर को यह घटना हुई थी। गांव बीसलपुर के पास दो बाइक एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई थीं। इस दुर्घटना में सात लोग घायल हुए थे।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार उनके बेटे मुकेश का सिर सड़क पर लगने से उन्हें गंभीर चोट आईं और अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। अगर मुकेश हेलमेट लगाए होता तो शायद उसकी जान बच जाती। सुरेश कहते हैं कि जवान बेटे की अर्थी को कंधा देना सहज नहीं होता, वह लोगों से अपील करते हैं कि घर से बाइक या स्कूटी पर बिना हेलमेट कतई न निकलें, जिससे कम से कम आपकी जान बची रहे।