मौसम विभाग की रिपोर्ट: हवाओं की दिशा बदली, थमेगा तापमान में उतार चढ़ाव
बरेली। हवाओं की बदलती दिशा मौसम में लगातार हो रहे बदलाव पर विराम लगाने वाली है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अगले हफ्ते भर तक मौसम का मिजाज स्थिर रहेगा। इस बीच तापमान में लगातार धीमी वृद्धि होगी। एक हफ्ते बाद अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
आंचलिक मौसम अनुसंधान केंद्र के निदेशक डॉ. जेपी गुप्ता के मुताबिक पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ की वजह से शहर में बादल छाने लगे थे। हल्की और मध्यम बारिश के भी आसार पैदा हुए थे लेकिन बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन सकीं। उन्होंने बताया कि अब हवाओं की दिशा पूर्व उत्तर पूर्व हो गई है। ऐसे में पर्वतों से उठने वाले बादल शहर में प्रवेश करेंगे लेकिन उच्च वायुदाब होने की वजह से बारिश नहीं होगी।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि अगले दिनों में भी लगभग ऐसा ही मौसम बने रहने की उम्मीद है। उन्होंने मौसम में आ रहे इस बदलाव से स्थिरता की उम्मीद जताई है। रविवार को तापमान अधिकतम 35.8 डिग्री और न्यूनतम 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर भी 55 फीसद तक रिकॉर्ड होगा।