बरेली। मुरादाबाद रेल मंडल में 70 प्रतिशत ट्रेनें इलेक्ट्रिक इंजन से चलाए जाने की वजह से 2019-20 में मंडल में डीजल का खर्च 23 प्रतिशत तक सीमित रह गया। अगले वित्तीय वर्ष में शत-प्रतिशत ट्रेनें बिजली के इंजन से दौड़ाने के साथ डीजल खर्च शून्य करने का लक्ष्य रखा गया है। बरेली-अलीगढ़ वाया चंदौसी रूट पर डबल लाइन के लिए जल्द सर्वे भी शुरू होगा।
मुरादाबाद रेल मंडल के डीआरएम तरुण प्रकाश ने शुक्रवार को वेबिनार के जरिये एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अब सिर्फ मुरादाबाद चंदौसी वाया बरेली और उत्तराखंड के ऋषिकेश के अलावा कुछ सेक्शन में ही डीजल से ट्रेनें चल रही हैं। बरेली से अलीगढ़ वाया चंदौसी 168 किमी सेक्शन में डबल लाइन बिछाने के लिए जल्द सर्वे शुरू होगा। सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि हरदोई से गांधीधाम तक एक दैनिक पार्सल ट्रेन चल रही है जिसमें व्यापारी सामान बुक करा सकते हैं। रोजा से नेपाल के लिए भी काफी पार्सल जाने लगे हैं। हरिद्वार-देहरादून रूट पर मोतीचूर स्टेशन के पास थोड़ा काम रह गया है जिसके बाद इस रूट पर 12 के बजाए 18 कोच की ट्रेन चलने लगेंगी। वेबिनार में एडीआरएम एनएन सिंह, सीनियर डीओएम नवीन कुमार, सीनियर डीईएन नीरज कुमार, सीनियर एसटीई नितिन प्रकाश आदि मौजूद रहे।
आज बंद रहेगा सितारगंज रेलवे क्रॉसिंग
बरेली। इज्जतनगर रेल मंडल के किच्छा बहेड़ी स्टेशनों के बीच स्थित सितारगंज रेलवे क्रॉसिंग शनिवार सुबह आठ से शाम छह बजे तक बंद रहेगा, जिसके चलते लोग भानगा गांव रेलवे क्रॉसिंग से आवागमन कर सकते हैं। क्रॉसिंग बंद रहने से किच्छा और रुद्रपुर से टनकपुर, बनवसा, नानक मत्ता, खटीमा और सितारगंज जाने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।
कांग्रेस ने जंक्शन के सीएचआई के खिलाफ खोला मोर्चा
जंक्शन पर कार्यरत सफाई कर्मियों की ड्यूटी और अन्य अनियमितताओं को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य राकेश सक्सेना ने स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह को ज्ञापन दिया। उन्होंने सीएचआई राजीव श्रीवास्तव पर सफाई कर्मियों के शोषण करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक जुलाई 2017 को मुरादाबाद मंडल ने सभी सफाई कर्मियों का वेतन 12 हजार रुपये प्रतिमाह देने का पत्र जारी किया था, बावजूद इसके उनको कम वेतन दिया जा रहा है, साथ ही ईपीएफ और ईएसआई भी नहीं काटा जा रहा। इस संबंध में राजीव श्रीवास्तव भी कोई जवाब नहीं देते हैं। इसके बदले में कंपनी के मैनेजर आशीष राय ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की भी धमकी दी। डीआरएम तरुण प्रकाश ने कहा कि इस संबंध में वह सत्यवीर सिंह से बात करके मामले का संज्ञान लेंगे। सदस्य राकेश सक्सेना ने डीएम को भी कंपनी पर कार्रवाई करने के लिए ज्ञापन दिया।
आज आएगी मुरादाबाद मंडल की टीम
सीआईटी भवेश कुमार और टीटीई के बीच विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले की जांच करने के लिए मुरादाबाद रेल मंडल के आरपीएफ और कमर्श्यल अनुभाग के दो अधिकारियों की टीम शनिवार को जंक्शन पहुंचेगी। टीम टीटीई और भवेश कुमार से अलग-अलग बात करेगी, जिसकी रिपोर्ट डीआरएम को सौंपी जाएगी। गौरतलब है कि टीटीई ने पूर्व में एक हस्ताक्षर युक्त पत्र डीआरएम को दिया था।