बरेली। जंक्शन के प्लेटफार्म की ओएचई लाइन को बंदरों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके कारण 37 मिनट तक डाउन लाइन से ट्रेन का संचालन बंद रहा और अप लाइन से कई ट्रेनों को गुजारा गया है।
सोमवार सुबह लगभग 10:50 पर जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक पर यात्री राज्यरानी और त्रिवेणी एक्सप्रेस के इंतजार में खड़े थे। इसी दौरान तेज धमाके की आवाज से सभी चौंक गए और भगदड़ जैसा माहौल बन गया। इसके बाद पता चला कि बंदरों ने प्लेटफार्म एक पर ओएचई लाइन को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इसके कारण ओएचई लाइन का तार टूटकर खंबे से मिलकर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही प्लेटफार्म एक की ओएचई लाइन में बिजली सप्लाई को बंद कर दिया।
इलेक्ट्रिक विभाग ने सुबह 10:55 बजे से लेकर 11:27 तक डाउन लाइन पर लाइन जोड़ने का काम किया और इस दौरान लखनऊ जाने वाली त्रिवेणी और राज्यरानी एक्सप्रेस को डाउन लाइन की जगह प्लेटफार्म नंबर दो की अप लाइन से गुजारा गया।