बरेली। जंक्शन पर ओएचई लाइन में बंदर फंस गया। इससे लाइन ट्रिप हो गई। करीब 45 मिनट के रेस्क्यू के बाद पीएफए की टीम ने बंदर को सकुशल निकाला। इस दौरान इलेक्ट्रिक ट्रेनों का संचालन बंद रहा।
जंक्शन पर बंदरों ने यात्रियों और स्टाफ का जीना दुश्वार कर दिया है। कई बार स्थानीय अधिकारी बंदरों को पकड़ने के लिए वन विभाग और रेलवे के मंडलीय अधिकारियों को पत्र लिख चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। शनिवार शाम जंक्शन पर एक बंदर उछल-कूद करते हुए डाउन ट्रैक की ओएचई लाइन में फंस गया। इससे लाइन ट्रिप हो गई। स्टेशन अधीक्षक सत्यवीर सिंह ने पीपुल्स फॉर एनीमल्स (पीएफए) की टीम को फोन करके बुलाया। टीम ने करीब 45 मिनट के रेस्क्यू के बाद बंदर को सकुशल लाइन से निकाला। इस दौरान जंक्शन पर नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी एक्सप्रेस करीब 50 मिनट तक खड़ी रही, जबकि नई दिल्ली-वाराणसी काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को सीबीगंज स्टेशन पर रोका गया।