बरेली कॉलेज में गणित विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर पवन शर्मा को मेरठ में नौचंदी थाना पुलिस ने छेड़खानी के एक मामले में हिरासत में ले लिया है। वहां उनसे दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर पूछताछ की जा रही है। छेड़खानी का आरोप मेरठ में शर्मा के मकान में किराए पर रहने वाली महिला की नाबालिग बेटी ने लगाया है।
इस मामले में प्रोफेसर का कहना है कि वह अपनी पत्नी के साथ किशोरी की मां से पांच महीने का बकाया किराया लेने गए थे। इसी दौरान उन पर गलत आरोप लगा दिया गया।
पवन शर्मा यहां रामवाटिका कॉलोनी में रहते हैं। उनकी पत्नी मधु शर्मा बदायूं के एनएमएसएन दास कॉलेज में म्यूजिक की शिक्षक हैं। पवन शर्मा के मेरठ के शास्त्रीनगर इलाके की एक कॉलोनी में दो मकान है। इनमें से एक को उन्होंने अपने रहने के लिए रखा है और दूसरे मकान को एक महिला एनजीओ संचालक को किराये पर दे रखा है। पवन शर्मा और उनकी पत्नी हर शनिवार को यहां से मेरठ चले जाते हैं। पवन शर्मा के मुताबिक इस शनिवार को भी वे मेरठ गए थे। इसी दौरान कक्षा नौ में पढ़ने वाली एनजीओ संचालक की 14 वर्षीय बेटी ने पवन शर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए थाना नौचंदी में एफआईआर दर्ज करा दी। रिपोर्ट के अनुसार, घटना के वक्त किशोरी की मां घर पर नहीं थी।
तहरीर के आधार पर आरोपी पवन शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रोफेसर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में बाकी बातें स्पष्ट होंगी।
- धीरज शुक्ला, इंस्पेक्टर नौचंदी थाना, मेरठ