रोटरी क्लब ऑफ बरेली की ओर से आयोजित 56वें महान दिवाली मेले का दूसरा दिन फैशन के नाम रहा। मेला मंच जब रैंप में बदला तो डिजायनर परिधान पहनकर रैंप पर नन्हे से लेकर युवा मॉडल्स ने भी अपने परिधानों के जरिए सोशल मेसेज दिए। शहर के लोगों को फैशन शो में खादी के परिधान भी देखने को मिले।
फैशन शो में इन्वर्टिस विश्वविद्यालय, ड्रीम जोन और आईआईएफटी के डिजायनरों द्वारा डिजायन किए गए परिधान पहनकर मॉडल रैंप पर उतरे। इसके अलावा दिल्ली वॉयस ग्रुप की जोरदार प्रस्तुतियों पर शहर के लोग झूमे। मेले में फैंसी ड्रेस, फेस इन द क्राउड और ब्यूटीफुल आइज प्रतियोगिता हुई। दूसरे दिन के कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि आईजी जोन एसके भगत ने किया। फैशन शो के मुख्य अतिथि के रूप में मिस इंडिया खादी बोर्ड केसीईओ अंकुश अनामी, उत्तर प्रदेश खादी बोर्ड के डिप्टी सीईओ एमपी मौर्या, विवेक रस्तोगी उपस्थित रहे। इसके अलावा खादी ग्राम उद्योग आयोग के उपनिदेशक अरविंद कुमार मिश्रा मौजूद रहे। मेले में क्लब के पूर्व अध्यक्ष डॉ. एके चौहान, सह मंडलाध्यक्ष नरेश मलिक, अध्यक्ष सुमित अरोरा, उपाध्यक्ष संजीव औतार अग्रवाल आदि का सहयोग रहा।