नगर निगम में कार निकालने के दौरान हुई कहासुनी के बाद नगर विधायक डॉ. अरुण कुमार के भतीजे ने अपर नगर आयुक्त ईश शक्ति कुमार सिंह के चालक श्याम बहादुर पटेल की पिटाई कर दी। घटना से गुस्साए कर्मचारियों ने इसके बाद नगर निगम में तालाबंदी कराकर कामकाज ठप कर दिया। विधायक के भतीजे समेत पांच लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है। मारपीट के दौरान गाड़ी की चाबी और लॉगबुक ले जाने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना बृहस्पतिवार शाम करीब चार बजे अपर नगर आयुक्त कार्यालय के सामने हुई। उनकी गाड़ी कार्यालय के सामने ही खड़ी थी। इसी बीच विधायक का भतीजा अमित चार अन्य साथियों के साथ कार में आया लेकिन जगह कम होने के कारण गाड़ी फंस गई। अमित के कहने पर अपर नगर आयुक्त का चालक श्याम बहादुर पटेल गाड़ी हटाने लगा। इसी बीच अमित ने अपनी कार आगे बढ़ाई तो उसका पहिया नाली में फंस गया। आरोप है कि इसके बाद गुस्साए अमित, राहुल कौशल ने साथियों के साथ श्याम बहादुर को सड़क पर घसीटते हुए पिटाई शुरू कर दी। गाड़ी की चाबी और लॉग बुक भी छीन ले गए। हंगामा मचा तो सभी वहां से भाग गए। इसके बाद वहां कर्मचारी एकत्र हो गए। कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मिशनपाल सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने नगर निगम के सारे कार्यालयों में तालाबंदी कराकर कामकाज ठप कर दिया। निगम परिसर में नारेबाजी कर प्रभारी नगर आयुक्त ईश शक्ति कुमार सिंह को प्रार्थनापत्र देकर रिपोर्ट दर्ज होने तक हड़ताल की बात कही। कर्मचारियों ने कहा कि अगर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
वर्जन
चालक का कहना है कि विधायक के भतीजे ने उसके साथ मारपीट की है। चालक की ओर से कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा गया है। मेयर व नगर आयुक्त को भी पूरे घटनाक्रम से अवगत करा दिया गया है।
- ईश शक्ति कुमार सिंह, प्रभारी नगर आयुक्त