बरेली। शादी समारोह में शामिल होने आए एक मेहमान से दूसरे मेहमानों ने गोलगप्पे खिलाने के लिए कहा तो बखेड़ा हो गया। मेहमान ने इसका विरोध किया तो उसकी पिटाई कर दी गई। किला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
कोतवाली इलाके के निवासी सनी कुमार ने किला थाना प्रभारी सुभाष सिंह को बताया कि बुधवार रात वह अपने भाई को लेकर किला के एक होटल में आयोजित दोस्त के शादी समारोह में गए थे। सनी अपने भाई के साथ वहां गोलगप्पे खा रहे थे। तभी वहां सरवन, दीपू, शेखर और उनका बहनोई गौरव आ गया। इन लोगों ने सनी से गोलगप्पे खिलाने के लिए कहा। सनी ने बताया कि वह वेटर नहीं हैं। आरोप है कि इस पर सभी लोग उससे अभद्रता करने लगे। विरोध करने पर लाठी-डंडों और सरिया से सनी की पिटाई कर दी। बचाने आए सनी के भाई को भी पीटा गया। ब्यूरो