बरेली। कोतवाली थाना क्षेत्र के आजमनगर इलाके से बृहस्पतिवार दोपहर लापता दोनों किशोर दिल्ली के कैंट स्टेशन पर लावारिस हालत में घूमते मिल गए। वहां आरपीएफ ने इन्हें अभिरक्षा में लेकर बरेली कोतवाली पुलिस को सूचना दी। परिजनों के साथ पुलिस वहां पहुंची, लेकिन सोमवार को दोनों किशोर कोर्ट के जरिये सुपुर्दगी में दिए जा सकेंगे।
दोनों किशोर 11 वर्षीय हसीन पुत्र वसीम व नौ वर्षीय हसन पुत्र इमरान आपस में दोस्त हैं। दोनों ही स्कूल में पढ़ाई करते हैं। वसीम के मुताबिक वह कपड़ों की फेरी लगाते हैं और पड़ोसी इमरान कबाड़े का काम करते हैं। बृहस्पतिवार को इमरान ने बेटे हसन को डांट दिया था। दोपहर बाद वह नाराज होकर घर से निकला तो हसीन को भी साथ ले गया।
परिजनों ने दोनों के लापता होने की सूचना कोतवाली पुलिस को दी, इसके आधार पर पुलिस ने शुक्रवार को गुमशुदगी दर्ज कर ली। कुतुबखाना चौकी पुलिस ने तफ्तीश की तो दोनों सीसीटीवी फुटेज में साथ जाते दिख रहे थे। खादी भंडार तक दोनों की फुटेज मिली, फिर ओझल हो गए। चूंकि इनके पास फोन नहीं थे तो तलाश में दिक्कत आ रही थी और पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे आगे बढ़ रही थी। पुलिस ने सभी थानों व रेलवे स्टेशनों पर इनके फोटो भेज दिए थे। ब्यूरो